जिले में आज से शुरू होगा ‘संत शिरोमणी गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान’
जिले के सभी प्रखंडों में मंगलवार 18 अगस्त से 15 फरवरी 2027 तक संत शिरोमणी श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य अनुसूचित जाति आबादी वाले सभी टोलों में पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से लाभ पहुंचाना है। अभियान के तहत कलश यात्रा और विकास शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

जिले के सभी प्रखंडों में मंगलवार 18 अगस्त से 15 फरवरी 2027 तक संत शिरोमणी श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति आबादी वाले सभी टोलों में पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित एवं संतृप्त करना है। यह जानकारी जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अनुसूचित जाति टोलों में रहने वाले ऐसे परिवारों एवं सदस्यों को चिन्हित किया जाएगा,जो पात्र होने के बावजूद किसी सरकारी योजना अथवा सुविधा से वंचित हैं। इसके बाद संबंधित विभागों के समन्वय से उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए प्रत्येक पात्र परिवार तक योजना का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
हर गुरुवार को लगेगा ‘श्री संत रविदास विकास शिविर’
जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी अनुसूचित जाति टोलों में 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को ‘श्री संत रविदास विकास शिविर’ आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं से वंचित पात्र लोगों का आवेदन/पंजीकरण एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कलश यात्रा से होगा अभियान का शुभारंभ
अभियान की शुरुआत के अवसर पर 18 से 20 अगस्त 2026 तक जिला स्तर से पंचायत स्तर तक कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से सामाजिक समरसता, जागरूकता एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने बताया कि अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सूचना, शिक्षा एवं संवाद वाहनों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव और टोला-टोला तक पहुंचाई जाएगी।
युवाओं एवं विद्यार्थियों की भी होगी सक्रिय भागीदारी
अभियान के दौरान जनजागरूकता एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय अंतर विद्यालय खेल प्रतियोगिता, साइकिल रैली, वाद-विवाद, निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। इस अभियान का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने का निर्देश दिया। -अमिताभ सिंह


