जयप्रकाश नगर के संजय सिंह की हत्या में पांच आरोपियों को जमानत
जयप्रकाश नगर में तीन अप्रैल 2007 को हुए संजय सिंह की हत्या के मामले में पांच आरोपियों को जमानत मिल गई है। चार आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट और एक को हाईकोर्ट से बेल मिली है। कांड में 21 दिसंबर 2024 को छह दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।

जयप्रकाश नगर में तीन अप्रैल 2007 को हुई संजय सिंह की चर्चित हत्याकांड में एक के बाद एक पांच आरोपियों को न्यायालय से अपील बेल मिल गई है। चार आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से जबकि एक आरोपी को हाईकोर्ट रांची से जमानत मिली। इस कांड में 21 दिसंबर 2024 को धनबाद सेशन कोर्ट ने छह आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। सभी दोषी जयप्रकाश नगर सर्वेश्वरी आश्रम के पास के रहनेवाले हैं। सात सितंबर को एक आरोपी को सुप्रीम कोर्ट से और दूसरे आरोपी को हाईकोर्ट से जमानत मिली। इससे पहले तीन आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से बेल मिली थी। 20 अगस्त 2025 को स्व. रामदुलार सिंह के पुत्र अजय सिंह, उनके भाई भुवनेश्वर सिंह, राजेंद्र सिंह के पुत्र उज्ज्वल सिंह, विजय प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना, स्व. चद्रदेव सिंह के पुत्र अजय सिंह और अजय सिंह के पुत्र रेवत सिंह की सजा को निलंबित करने संबंधी याचिका को झारखंड हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। भुवनेश्वर सिंह ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। इस केस में सबसे पहले 19 नवंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने भुवनेश्वर सिंह को जमानत दी थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आधार पर हत्याकांड में सजा काट रहे स्व. रामदुलार सिंह के पुत्र अजय सिंह ने भी हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी, जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था। अजय सिंह अभी भी जेल में बंद हैं。
कांड के अन्य आरोपियों की जमानत
कांड के अन्य आरोपियों में उज्ज्वल सिंह और रेवत सिंह को इसी साल 17 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली। सात सितंबर को स्व. चंद्रदेव सिंह के पुत्र विजय प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी। वहीं दूसरी तरफ उनके भाई अजय सिंह को भी सात सितंबर को ही हाईकोर्ट से बेल मिली। अजय सिंह पूर्व से मेडिकल ग्राउंड पर अंतरिम जमानत पर थे। पहले छह महीने और फिर चार सप्ताह के लिए उनकी अंतरिम जमानत की अवधि बढ़ाई गई थी। सोमवार को उन्हें भी हाईकोर्ट से नियमित जमानत मिल गई।
---
हत्या का मामला
पीट-पीटकर संजय सिंह की हत्या का था आरोप। जयप्रकाश नगर निवासी राजकुमार सिंह की शिकायत पर आठ बालिग और एक नाबालिग के विरुद्ध तीन अप्रैल 2007 को धनबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप था कि जयप्रकाश नगर में राजकुमार सिंह ने जमीन खरीदी थी, जिस पर गेट लगाने के लिए राजकुमार सिंह अपने भाई संजय सिंह के साथ गए तो अजय सिंह ने धमकी दी कि राजेंद्र भैया की इजाजत के बगैर कोई काम नहीं होगा। तीन अप्रैल 2007 को अजय सिंह, विजय प्रताप सिंह, रेवत सिंह, उज्ज्वल सिंह और अजय सिंह 20-25 अन्य लोगों के साथ हथियार से लैस होकर वहां पहुंचे और जमीन पर निर्माण करने के एवज में 10 लाख रुपए रंगदारी मांगी। आरोप था कि अजय सिंह के ललकारने पर विजय प्रताप सिंह ने तलवार से संजय सिंह के सिर पर वार कर दिया था। वह जख्मी होकर जमीन पर गिर गए। संजय सिंह को लोहे के रॉड से सिर पर वार किया गया था। संजय को बचाने उनका ड्राइवर गोपाल गया तो उसे भी रॉड से मारकर जख्मी कर दिया गया। दोनों को इलाज के लिए सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान संजय सिंह की मौत हो गई थी.

