बाबा गरीबनाथ धाम में 13 सितंबर को होगा सनातन महाकुंभ
मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ धाम में 13 सितंबर को सनातन महाकुंभ का आयोजन होगा। इस आयोजन का उद्देश्य साधु-संतों और विद्वानों को एक मंच पर लाना है। बैठक में बताया गया कि इस समारोह में विभिन्न राज्यों से संतों की उपस्थिति होगी, जिसके माध्यम से भारतीय संस्कारों और परंपराओं के संरक्षण का प्रयास किया जाएगा।

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। बाबा गरीबनाथ धाम परिसर में 13 सितंबर को सनातन महाकुंभ का आयोजन होगा। इसको लेकर अखंड भारत पुरोहित महासभा की बैठक शुक्रवार को शिव शक्ति हनुमान मंदिर, चक्कर चौक पर हुई। अध्यक्षता आचार्य सुनील कुमार मिश्रा व मंदिर के प्रधान पुजारी पंकज कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से की।बैठक में कहा गया कि जिले में सनातन महाकुंभ का उद्देश्य देश-विदेश के साधु-संतों, महंतों, आचार्यों, मठाधीशों, पंडितों, पुजारियों और सनातन धर्म के विद्वानों को एक मंच पर लाना है। महासभा के राष्ट्रीय संयोजक पंडित हरिशंकर पाठक ने बताया कि महाकुंभ में नेपाल सहित भारत के विभिन्न राज्यों से संत-महात्माओं का आगमन होगा।उन्होंने
कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण भारतीय संस्कार और सनातन परंपराएं धीरे-धीरे कमजोर होती जा रही हैं, जिसका प्रभाव समाज और राष्ट्र दोनों पर पड़ रहा है। ऐसे समय में सनातन संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और जनजागरण के उद्देश्य से इसका आयोजन किया जा रहा है। बैठक में पंडित ललित झा, पंडित नीरज कुमार मिश्रा, पंडित गरीबनाथ मिश्रा, पंडित दुर्गेश कुमार झा, पंडित संजय मिश्र, पंडित अनिल कुमार मिश्रा, पंडित कृष्ण मोहन मिश्र, पंडित धीरज कुमार मिश्रा, पंडित सत्यनारायण ओझा आदि थे।


