गुन्नौर-बबराला भी होंगे संभल विकास प्राधिकरण का हिस्सा
संभल-चंदौसी-बहजोई विकास प्राधिकरण का बढ़ेगा दायरा अब गुन्नौर-बबराला नगर पंचायत भी प्राधिकरण में

जिले में तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार को अब नियोजित स्वरूप देने की तैयारी तेज हो गई है। संभल, चंदौसी और बहजोई को मिलाकर प्रस्तावित विकास प्राधिकरण का दायरा अब गुन्नौर और बबराला तक बढ़ाया जाएगा। दोनों नगर पंचायतों के साथ हाईवे से सटे गांवों को भी प्रस्तावित प्राधिकरण में शामिल करने की तैयारी है। इससे जिले में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के साथ औद्योगिक विकास को भी नियोजित तरीके से आगे बढ़ाने की राह खुलेगी। साथ ही भवन और संपत्तियों के नक्शे स्थानीय स्तर पर पास होने की सुविधा मिलने तथा अवैध एवं बेतरतीब निर्माण पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है। दरअसल, जिले के बड़े हिस्से के किसी विकास प्राधिकरण के अधीन नहीं होने के कारण शहरी विस्तार अनियोजित तरीके से हो रहा है। चंदौसी तहसील के कुछ गांव मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के अंतर्गत आते हैं, लेकिन अधिकांश क्षेत्र किसी विकास प्राधिकरण के दायरे में नहीं है। ऐसे में आने वाले वर्षों में अनियोजित निर्माण और बिना नियोजन के बढ़ते शहरों के कारण नई समस्याएं खड़ी होने की आशंका को देखते हुए जिले में अलग विकास प्राधिकरण के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई है। गुरुवार को डीएम ने अधिकारियों के साथ इस पर विस्तार से चर्चा की।
प्राधिकरण के प्रस्ताव का दायरा बढ़ाने की तैयारी
पहले तीन शहरों तक सीमित था प्रस्ताव
प्राधिकरण गठन को लेकर पहले संभल, चंदौसी और बहजोई क्षेत्र को शामिल करते हुए प्रस्ताव तैयार किया गया था। प्रथम चरण में संभल के 194 और चंदौसी के 167 गांवों के साथ सिरसी और नरौली नगर पंचायत तथा संभल, चंदौसी और बहजोई नगर पालिका को इसमें शामिल करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन स्तर से इस प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज करते हुए इसे वापस कर दिया गया और टाउन प्लान का नक्शा तैयार कर दोबारा प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। अब प्रस्ताव में गुन्नौर और बबराला नगर पंचायत को भी शामिल करने के साथ हाईवे से लगे गांवों को जोड़े जाने की तैयारी है। इससे प्रस्तावित प्राधिकरण का क्षेत्र पहले की तुलना में काफी व्यापक हो जाएगा।
हाईवे और औद्योगिक क्षेत्र के विकास पर जोर
हाईवे से जुड़े होने का मिलेगा फायदा
गुन्नौर और बबराला दोनों ही राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े क्षेत्र हैं और यहां तेजी से शहरी गतिविधियां बढ़ रही हैं। बबराला पहले से ही औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से जिले का महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां यारा फर्टिलाइजर के साथ यूपी सीडा का औद्योगिक क्षेत्र भी है। ऐसे में बबराला को प्रस्तावित विकास प्राधिकरण में शामिल करने से औद्योगिक विस्तार और उससे जुड़े आवासीय एवं व्यावसायिक विकास को नियोजित तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। वहीं गुन्नौर में भी आबादी और शहरी गतिविधियों का विस्तार हो रहा है। हाईवे से जुड़े इन क्षेत्रों और आसपास के गांवों को प्राधिकरण के दायरे में लाने से भविष्य में सड़क, आवासीय कॉलोनी, व्यावसायिक गतिविधियों और अन्य निर्माण के लिए बेहतर नियोजन किया जा सकेगा।
अनियोजित विकास रोकने की योजना
अनियोजित विकास आगे समस्या बनेगा
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि जनपद के कुछ गांव मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के अंतर्गत आते हैं, जबकि जिले का अधिकांश क्षेत्र किसी विकास प्राधिकरण के अधीन नहीं है। इससे अनियोजित विकास हो रहा है, जो आने वाले समय में समस्या बन सकता है। इसी को देखते हुए विकास प्राधिकरण के गठन का निर्णय लिया गया है। पहले संभल, चंदौसी और बहजोई विकास प्राधिकरण क्षेत्र के गठन का प्रस्ताव विचाराधीन था। समीक्षा में सामने आया कि गुन्नौर और बबराला नगर पंचायत इसमें शामिल नहीं हो पाई हैं, जबकि दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े हैं और यहां पर्याप्त शहरी आबादी है। इसलिए दोनों नगर पंचायतों को शामिल करते हुए कंपोजिट विकास प्राधिकरण के गठन का प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूरे संभल का सुनियोजित विकास हो सके।
नक्शे पास कराने और निर्माण नियंत्रण की व्यवस्था
नक्शे पास कराने से लेकर निर्माण नियंत्रण तक आसान होगी व्यवस्था
विकास प्राधिकरण के गठन के बाद संबंधित क्षेत्र में भवन निर्माण और संपत्तियों के नक्शे पास कराने की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर होने की राह आसान होगी। वहीं बिना स्वीकृति निर्माण, अनधिकृत कॉलोनियों और बेतरतीब तरीके से होने वाले निर्माण पर भी नियमानुसार कार्रवाई का तंत्र मजबूत हो सकेगा। हाईवे और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास भविष्य में होने वाले विस्तार को भी मास्टर प्लान के तहत विकसित करने का रास्ता साफ होगा।

