सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने गोरखपुर के जिला और महानगर संगठनों को किया भंग
गोरखपुर वरिष्ठ संवाददाता समाजवादी पार्टी में शनिवार को वरिष्ठ पदाधिकारी के बीच हुई मारपीट

गोरखपुर वरिष्ठ संवाददाता समाजवादी पार्टी में शनिवार को वरिष्ठ पदाधिकारी के बीच हुई मारपीट का मामला सुर्खियों में आ गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस घटना के बाद खासे नाराज हैं। रविवार को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने बड़ी कार्यवाही कर गोरखपुर की जिला एवं महानगर स्तर की सभी कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया। इसके अलावा गोरखपुर में प्रदेश स्तर के विभिन्न फ्रंटल संगठनों को भी भंग करने का आदेश जारी कर दिया।
नई कार्यकारिणी की नियुक्ति
माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नए सिरे से जिले में कार्यकारिणी मनोनीत करेंगे। यह कार्यवाही अगले दो से तीन हफ्तों में हो जाएगी। नई कार्यकारिणी ही विधानसभा चुनाव में जिले में पार्टी की कमान संभालेगी।
घटना का विवरण
दरअसल शनिवार को शास्त्री चौक स्थित गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में समाजवादी पार्टी की अधिकृत प्रेस वार्ता थी। इस प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष ब्रजेश गौतम, महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, डॉक्टर मोहसिन खान, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रहलाद यादव, राम नगीना साहनी, संजय पहलवान समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।
मारपीट की घटना
इसी प्रेस वार्ता के मध्य में ही पार्टी के कद्दावर नेता और बांसगांव के पूर्व चेयरमैन अंशुमान सिंह की एंट्री हुई। उनके साथ मौजूद समर्थकों ने अंशुमान सिंह को अगली कतार में कुर्सी पर बैठने के लिए पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी से भिड़ गए। उनके साथ हाथापाई और मारपीट की। धमकी दी। पत्रकारों के सामने हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। पूरा वाक्य पत्रकारों के कैमरे में कैद हो गया। जैसे तैसे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों, पत्रकारों और सपा के पदाधिकारी ने दोनों पक्षों के मध्य बीच-बचाव किया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। उसके बाद से ही पार्टी की पूरे प्रदेश में किरकिरी हो रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने देर शाम अंशुमान सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया।
पार्टी की कार्रवाई
बताया जाता है कि प्रदेश अध्यक्ष ने इस मामले में एक रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपी है। गोरखपुर में पार्टी के नेताओं से इस पूरे प्रकरण में फीडबैक लिया गया। बताया जाता है कि पार्टी हाई कमान को सबसे ज्यादा चिंता इस बात से हुई कि घटना के बाद मौके पर मौजूद वरिष्ठ पदाधिकारी सही फैसला नहीं ले सके।
इसके बाद कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सचिव गंगाराम ने अधिकृत तौर पर पत्र जारी कर सभी संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग करने का निर्देश जारी किया है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर पत्र जारी कर दिया है। इसकी सूचना भी प्रदेश इकाई और जिला इकाई को भेज दी गई है।


