वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान से सपा ने भरी हुंकार
समाजवादी पार्टी ने 'लोकतंत्र बचाओ सप्ताह' का अभियान शुरू किया है, जो 2 से 8 अक्टूबर तक चलेगा। इसके तहत 'वोट बचाओ-देश बचाओ' मार्च और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सपा नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने और कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने 13 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से काटे जाने का आरोप लगाया।
प्रयागराज। समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार से प्रदेशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ शुरू किया। दो से आठ अक्तूबर तक चलने वाले अभियान में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च और जनजागरण कार्यक्रम होंगे। सपा नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। प्रेस क्लब में गंगापार अध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन और विधायक संदीप पटेल ने अभियान की जानकारी दी। नेताओं ने बताया कि तीसरे दिन जिला स्तर पर शांतिपूर्ण मार्च निकलेगा और समापन पर राष्ट्रगान व संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ होगा। सपा नेताओं ने दावा किया कि 13 करोड़ से अधिक नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं और पश्चिम बंगाल में इसका प्रभाव दिखा।
उन्होंने वहां फिर चुनाव कराने की मांग की। प्रेसवार्ता में जगदीश यादव, विधायक विजमा यादव, गीता शास्त्री, पूर्व विधायक हाजी मुजतबा सिद्दीकी, अमरनाथ मौर्य, दान बहादुर मधुर, रविंद्र यादव, मोहम्मद शारिक, दीनानाथ यादव और जयशंकर भारती मौजूद रहे।

