स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियों में जुटी सपा, वोट बढ़ाने की रणनीति पर मंथन
समाजवादी पार्टी ने स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियों में तेज़ी ला दी है। एक बैठक में, पार्टी ने स्नातक मतदाता बढ़ाने और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की चर्चा की। पार्टी के प्रत्याशी प्रमेंद्र भाटी ने प्रत्येक बीएलए को 10 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य दिया।
शामली। समाजवादी पार्टी ने आगामी स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को एक बारातघर पर आयोजित बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने स्नातक मतदाता बढ़ाने, संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के स्नातक एमएलसी प्रत्याशी प्रमेंद्र भाटी एडवोकेट ने कहा कि पार्टी ने प्रत्येक बीएलए को अपने-अपने बूथ पर कम से कम 10 नए स्नातक मतदाता जोड़ने का लक्ष्य दिया है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने बूथों पर मतदाता पंजीकरण अभियान को गति दें तथा इसकी सूचना गौतमबुद्धनगर और लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं।
बैठक में चेयरमैन अशोक चौधरी ने कहा कि जनपद में समाजवादी पार्टी का संगठन बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत है। उन्होंने दावा किया कि जिले के सभी 1129 बूथों पर बीएलए और बूथ एजेंट नियुक्त हैं, जो एसआईआर अभियान और स्नातक मतदाता पंजीकरण में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। प्रोफेसर सुधीर पंवार ने कहा कि स्नातक एमएलसी चुनाव विधानसभा चुनाव से पहले प्रस्तावित हैं। यदि समाजवादी पार्टी इस चुनाव में जीत दर्ज करती है तो विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को मजबूती मिलेगी। बैठक में जावेद जंग, मांगेराम प्रधान सिलावर, राव तफरूज, नीरज पहलवान, भूपेंद्र सैनी, विलायत खां, आबाद, इरफान, विद्या प्रकाश शर्मा और मास्टर खालिद मौजूद रहे।


