प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव मैदान में उतरेगी सपा : श्यामलाल पाल
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर उतरेगी। उन्होंने सरकार की नीतियों पर हमला बोला, किसानों और युवाओं के उत्पीड़न का आरोप लगाया। प्रत्याशी चयन में निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने मंगलवार को आनंदनगर में मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर पूरे दम-खम के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में कोई समझौता होता है तो परिस्थितियों के अनुसार सीटों का न्यायसंगत बंटवारा किया जाएगा। प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए श्यामलाल पाल ने कहा कि वर्तमान शासनकाल में युवाओं, किसानों, मजदूरों व महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। किसानों को दोगुनी आय का झूठा सपना दिखाकर छला गया है। रोजगार व पेपर लीक के खिलाफ आवाज उठाने वाले निर्दोष छात्रों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।
सरकार गांव-गिरांव के सरकारी स्कूलों को बंद करने व शिक्षण संस्थानों पर बुलडोजर चलाने की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता इस दमनकारी रवैये का बदला लेगी। प्रत्याशी चयन को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति निष्ठा और धरातल पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को ही टिकट दिया जाएगा।विधान परिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय ने कहा कि सरकार की नीतियों से जनता त्रस्त हो चुकी है। जनहितैषी नीतियों के कारण पार्टी पुनः पूर्ण बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, पूर्व विधायक विनोद मणि, डॉ. राजेश यादव, आमिर हुसैन, प्रमोद यादव और रविंद्र शुक्ला समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।


