13 साल की उम्र में शुरू किया सफर, अब बॉलीवुड के रियलिटी शो में छाए सहारनपुर के राज ग्रोवर
-यूट्यूब पर 1.55 करोड़ और इंस्टाग्राम पर 25 लाख फॉलोअर्स का बनाया मुकाम,

सहारनपुर। शहर के युवा कंटेंट क्रिएटर राज ग्रोवर ने डिजिटल दुनिया में अपनी पहचान बनाने के बाद अब बॉलीवुड के रियलिटी शो में भी जगह बनाई है। आईएमए परिवार से जुड़े राज ग्रोवर पुत्र डॉ. महेश ग्रोवर का अमेजन प्राइम और एमएक्स प्लेयर पर प्रसारित होने वाले रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ के लिए चयन हुआ है। शो का प्रसारण 26 सितंबर से शुरू हुआ है और इसकी मेजबानी पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग कर रहे हैं। राज ग्रोवर ने महज 13 वर्ष की उम्र में कंटेंट क्रिएशन का सफर शुरू किया था। डॉक्टर परिवार से होने के बावजूद उन्होंने कंटेंट क्रिएशन को अपना करियर चुना और लगातार यूट्यूब व इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाते रहे।
परिवार के साथ देखे जा सकने वाले उनके कंटेंट ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई।आज राज ग्रोवर के यूट्यूब चैनल पर करीब 1.55 करोड़ सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर करीब 25 लाख फॉलोअर्स हैं। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनका नाम फोर्ब्स मैगजीन की सूची में दो बार शामिल हो चुका है। उनके परिवार के अनुसार, वह एक बार देश में तीसरे और दूसरी बार सातवें स्थान पर रहे हैं। राज ग्रोवर को प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से भी सम्मानित किए जाने का दावा किया गया है। अब ‘राइज एंड फॉल’ में उनके चयन को सहारनपुर के लिए भी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। उनके समर्थकों और प्रशंसकों से शो में राज ग्रोवर को आगे बढ़ाने के लिए नियमित रूप से वोट करने की अपील की गई है।

