कांवड़ रूट पर जर्जर तार, अधूरे काम और डीजे मानकों पर प्रशासन का फोकस
सहारनपुर में कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन ने बिजली, सड़क और प्रकाश व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखी है। डीएम अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें पुलिस और आयोजकों ने समन्वय किया। सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारू रूप से हो सके।

सहारनपुर, संवाददाता। कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन ने कांवड़ मार्गों पर बिजली, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और डीजे मानकों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में डीएम अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता और एसएसपी अभिनंदन की मौजूदगी में पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और कांवड़ आयोजकों के साथ समन्वय बैठक हुई। थानावार समीक्षा के दौरान आयोजकों से फीडबैक भी लिया गया। डीएम अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि सभी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी बेहतर तालमेल के साथ ड्यूटी निभाएं। नगर निगम और जिला पंचायत कांवड़ मार्ग पर पथ प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करें। विद्युत विभाग जर्जर तार बदलने, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग, खंभों पर आठ फीट तक प्लास्टिक टेपिंग और रिफ्लेक्टर लगाने का काम मिशन मोड में पूरा करे।
एनएचएआई के साइट इंजीनियर संबंधित थानाध्यक्षों के संपर्क में रहें। वन विभाग गूलर के पेड़ों की छंटाई कराए तथा सड़कें गड्ढामुक्त कर डिवाइडरों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कर सड़क पर पड़ी सामग्री हटाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में डीजे की ऊंचाई-चौड़ाई तय मानक के अनुसार रखने और केवल धार्मिक भजन बजाने के निर्देश दिए गए। कांवड़ शिविरों की अनुमति नियमों के अनुरूप समय पर देने को भी कहा गया। एसएसपी अभिनंदन ने अधिकारियों को लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल, एसपी देहात मयंक पाठक, एसपी यातायात शैलेंद्र श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


