स्कूली वाहन में अटेंडेंट न मिलने पर 35 स्कूलों को नोटिस जारी
फोटो.. सड़क पर चेकिंग के दौरान वाहन में सिर्फ चालक की मिली उपस्थिति बच्चों को

फोटो.. सड़क पर चेकिंग के दौरान वाहन में सिर्फ चालक की मिली उपस्थिति
बच्चों को सुरक्षित मार्ग पार कराने के लिए नहीं दिखी कोई व्यवस्था
मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत विभाग की तरफ से सभी को नोटिस जारी
बिना हेल्पर छोटे बच्चों की सुरक्षा से हो सकता है खिलवाड़
अलीगढ़, कार्यालय संवाददाता।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की ओर से चलाए जा रहे मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत स्कूली वाहनों की चेकिंग में बड़ी लापरवाही सामने आई है। वाहनों में अटेंडेंट नहीं मिलने पर विभाग ने 35 स्कूलों को नोटिस जारी किया है। चेकिंग के दौरान कई स्कूली वाहनों में बच्चों के साथ केवल चालक मौजूद मिला। बच्चों को वाहन से उतारने-चढ़ाने और सड़क पार कराने के लिए भी कोई कर्मचारी नहीं मिला।
चेकिंग के दौरान अटेंडेंट की अनुपस्थिति
एआरटीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि परिवहन विभाग की टीम ने सड़क पर स्कूली वाहनों को रोककर उनके सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान ऐसे वाहन मिले, जिनमें बच्चों की जिम्मेदारी पूरी तरह चालक के भरोसे थी। छोटे बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों में चालक के साथ अटेंडेंट होना जरूरी है। चालक का ध्यान वाहन चलाने पर होता है, जबकि अटेंडेंट बच्चों की निगरानी करता है और उन्हें सुरक्षित तरीके से वाहन से उतारने-चढ़ाने में मदद करता है। चेकिंग के दौरान लड़कियों को लेकर जा रहे वाहन में महिला अटेंडेंट भी नहीं मिली। छात्राओं की सुरक्षा के लिहाज से वाहन में महिला कर्मचारी की व्यवस्था नहीं होने को भी विभाग ने गंभीरता से लिया है। संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी कर इस संबंध में जवाब मांगा गया है।
35 स्कूलों को भेजे गए नोटिस
एटा में स्कूल वाहन से उतरने के दौरान हुई छात्रा की मौत के बाद से शासन सख्त है। इस दौरान वाहनों में अटेंडेंट की उपस्थिति को देखा जा रहा है। एआरटीओ के मुताबिक चेकिंग के दौरान हेल्पर न मिलने पर 35 स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है। उनसे अनुरोध किया गया है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बस में एक हेल्पर की व्यवस्था जरूर हो। जिन वाहनों में छात्राएं जा रही हैं, उनमें महिला अटेंडेंट बहुत जरूरी है। बच्चे को सुरक्षित वाहन से उतारना और मार्ग पार कराने से लेकर घर के दरवाजे तक का परिजनों तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी अटेंडेंट की होती है।


