ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग की आजादी को कमजोर किया: सचिन पायलट
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने चुनाव आयोग की आजादी को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसआईआर के जरिए मतदाता सूची में बदलाव की जा रही है। पायलट ने कहा कि वोट देना नागरिक का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने राज्य सरकार पर सूखे के हालात पर तैयारी न करने का भी आरोप लगाया।

जयपुर, एजेंसी। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनाव आयोग की आजादी को कमजोर करने का आरोप लगाया। पायलट ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का इस्तेमाल चुनिंदा मतदाताओं के नाम हटाने के लिए किया जा रहा है। पायलट ने कहा कि मतदाता सूची में बदलाव से जुड़े फैसले लेते समय ज्ञानेश कुमार ने बाकी दो चुनाव आयुक्तों को दरकिनार कर दिया। स्थानीय स्तर पर मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली शक्तियां अब केंद्रीकृत की जा रही है। इस कारण दिल्ली से ही मतदाताओं के नाम जोड़े या हटाए जा रहे हैं। पायलट ने कहा कि पहले नोटबंदी हुई थी और अब वे वोटबंदी कर रहे हैं। वोट देना नागरिक का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक अधिकार है। अगर वह अधिकार छीन लिया जाए, तो इससे ज्यादा गंभीर बात क्या हो सकती है? राजस्थान में सूखे जैसे हालात पर पायलट ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि कई इलाकों में मॉनसून की बारिश कम होने के बावजूद उसने पहले से कोई तैयारी नहीं की।
आप पर साधा निशाना
पंजाब का जिक्र करते हुए पायलट ने कहा कि आप सरकार के दौरान नशीली दवाओं के इस्तेमाल और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हुई है। उन्होंने सरकार पर आवाज उठाने वालों के खिलाफ पुलिस का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।


