टाटा समूह की रेटिंग पर तत्काल असर नहींः एसएंडपी
रेटिंग एजेंसी एसएंडपी ने कहा है कि टाटा संस की संभावित सूचीबद्धता और टाटा समूह में नेतृत्व परिवर्तन से समूह की कंपनियों की क्रेडिट रेटिंग पर तत्काल असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, इसके कारण दीर्घकालिक वित्तीय नीतियों में बदलाव हो सकता है, खासकर टाटा स्टील, टाटा पावर और टाटा कैपिटल जैसी कंपनियों के लिए।

नई दिल्ली, एजेंसी। रेटिंग एजेंसी एसएंडपी ने मंगलवार को कहा कि टाटा संस की शेयर बाजार में संभावित सूचीबद्धता और टाटा समूह में नेतृत्व परिवर्तन से समूह की कंपनियों की क्रेडिट रेटिंग पर तत्काल असर पड़ने की संभावना नहीं है। हालांकि, लंबे समय में इससे समूह समर्थन और वित्तीय नीति के आकलन में बदलाव हो सकता है। एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने एक रिपोर्ट में कहा कि टाटा समूह के लंबे इतिहास और अपेक्षाकृत रूढ़िवादी प्रबंधन दृष्टिकोण को देखते हुए वित्तीय नीतियों में कोई भी बदलाव धीरे-धीरे होने का अनुमान है। उसने कहा कि टाटा संस की सूचीबद्धता और नेतृत्व परिवर्तन फिलहाल समूह की कंपनियों की रेटिंग पर असर नहीं डालेंगे।
समूह रेटिंग
रिपोर्ट के मुताबिक, समूह की रेटिंग वाली कंपनियां स्वतंत्र पेशेवर प्रबंधन के तहत संचालित होती हैं, लेकिन टाटा संस उनकी रणनीति को प्रभावित करती है। एसएंडपी फिलहाल समूह की कंपनियों-टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, टाटा पावर, टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी, टाटा कैपिटल और जगुआर लैंड रोवर की रेटिंग करती है। रेटिंग एजेंसी इन सभी कंपनियों को टाटा संस के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानती है और समूह के समर्थन के कारण उनकी रेटिंग में अधिकतम तीन पायदान तक की बढ़ोतरी का आकलन करती है।
रणनीतिक प्रभाव
रिपोर्ट के मुताबिक, नेतृत्व, समूह संरचना या हितधारकों की प्राथमिकताओं में बदलाव से लंबे समय में टाटा की रणनीति और वित्तीय नीति की निरंतरता तथा समूह समर्थन की संभावना को लेकर सवाल उठ सकते हैं। यह टाटा स्टील, टाटा पावर और टाटा कैपिटल जैसी कंपनियों के लिए खास तौर पर अहम हो सकता है, जिनकी वृद्धि की बड़ी योजनाएं हैं। वहीं, जगुआर लैंड रोवर कारोबारी बदलाव के दौर में है।


