रूसी तेल की ढुलाई महंगी, भारत तक पहुंचाने का खर्च बढ़ा
रूस के पश्चिमी बंदरगाहों से भारत तक कच्चा तेल पहुंचाने का समुद्री भाड़ा अक्टूबर की शुरुआत में रिकॉर्ड 2.7 से 3 करोड़ डॉलर तक पहुंच गया। काला सागर क्षेत्र में बढ़ते जोखिम और वैश्विक टैंकर किरायों में तेजी ने लागत बढ़ाई है। एशिया में यूराल्स तेल की ढुलाई अब करीब 30 डॉलर प्रति बैरल या इससे अधिक पड़ रही है।

- भारत आने वाले कच्चे तेल का भाड़ा 30 लाख डॉलर तक पहुंचा नई दिल्ली, एजेंसी। रूस के पश्चिमी बंदरगाहों से भारत तक कच्चा तेल पहुंचाने का समुद्री भाड़ा अक्तूबर की शुरुआत में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। काला सागर क्षेत्र में बढ़ते जोखिम और दुनियाभर में तेल टैंकरों के किराये में लगातार तेजी के कारण यह स्थिति बनी है। कारोबारियों और जहाजरानी क्षेत्र के सूत्रों ने यह जानकारी दी।भाड़े में भारी बढ़ोतरी के कारण रूस को तेल की ऊंची कीमतों का पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा है। रूस को अपने पश्चिमी बंदरगाहों से ज्यादातर कच्चा तेल लंबे और महंगे समुद्री रास्तों से एशियाई बाजारों तक पहुंचाना पड़ रहा है।
इन बाजारों में भारत और चीन प्रमुख हैं। कारोबारियों के मुताबिक एशिया में यूराल्स कच्चा तेल भेजने की ढुलाई लागत फिलहाल करीब 30 डॉलर प्रति बैरल या इससे अधिक हो गई है। कारोबारियों के मुताबिक काला सागर से भारत तक करीब 1.40 लाख टन क्षमता वाले सुएजमैक्स टैंकर से यूराल्स कच्चा तेल पहुंचाने का खर्च बढ़कर एकतरफा यात्रा के लिए 2.7 करोड़ से तीन करोड़ डॉलर हो गया है। सितंबर में यह खर्च करीब 1.9 करोड़ डॉलर था। दुनिया भर में तेल और अन्य हाइड्रोकार्बन की समुद्री ढुलाई की लागत भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। पोतों की दलाली करने वाली कंपनी रिवरलैक के अनुसार काला सागर से भूमध्य सागर तक 1.40 लाख टन कच्चा तेल ले जाने का भाड़ा अक्तूबर में बढ़कर वर्ल्डस्केल 1,002.5 हो गया। सितंबर के दूसरे पखवाड़े में यह करीब 500 था। यह इससे पहले के रिकॉर्ड स्तर से लगभग दोगुना है।

