न्यूनतम मजदूरी 800 रुपये करने समेत 14 सूत्री मांगें उठाईं
मऊ,संवाददाता। ग्रामीण मजदूरों की समस्याओं और मांगों को लेकर गुरुवार को ग्रामीण मजदूर

मऊ,संवाददाता। ग्रामीण मजदूरों की समस्याओं और मांगों को लेकर गुरुवार को ग्रामीण मजदूर यूनियन के बैनर तले मजदूरों ने जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इंकलाबी मजदूर केंद्र की जिला इकाई ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया। प्रदर्शन के बाद मजदूरों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित 14 सूत्री मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों को नियमित रोजगार नहीं मिल रहा है। कभी-कभार काम मिलने पर भी पूरी मजदूरी नहीं दी जाती। महिलाओं को पुरुषों की तुलना में कम मजदूरी मिलने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने गांव-गांव में शराब की दुकानें खुलने से बढ़ रही नशाखोरी पर भी चिंता जताई।
मजदूरों ने कहा कि खाद्य सामग्री, शिक्षा और चिकित्सा लगातार महंगी होती जा रही है। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी और अस्पतालों में डॉक्टर व दवाओं की उपलब्धता नहीं होने से गरीब परिवारों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। आरोप लगाया कि निजी स्कूल और अस्पताल मनमानी फीस वसूल रहे हैं। सरकारी आवास और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ भी पात्र परिवारों तक नहीं पहुंच रहा है। ज्ञापन में ग्रामीण मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी 800 रुपये प्रतिदिन करने, सभी मजदूरों को आवास देने, दुर्घटना की स्थिति में निशुल्क इलाज व मुआवजा, आयुष्मान, निर्माण व राशन कार्ड बनाने की ग्राम पंचायत स्तर पर व्यवस्था तथा महिला मजदूरों को समान वेतन देने की मांग की गई।इसके अलावा मजदूर अड्डों पर पेयजल, शौचालय और शेड की व्यवस्था, सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती व भवनों की मरम्मत, ग्रामीण क्षेत्रों की शराब की दुकानें बंद करने, बेरोजगार युवाओं को स्थायी रोजगार अथवा सम्मानजनक बेरोजगारी भत्ता देने, महंगाई पर रोक लगाने तथा असमर्थ मजदूरों को न्यूनतम वेतन के बराबर गुजारा भत्ता देने की मांग उठाई गई। निजी स्कूलों और अस्पतालों की फीस व इलाज की दरें निर्धारित कर उन्हें कानून के दायरे में लाने की भी मांग की गई। प्रदर्शन में मुन्ना प्रसाद, सिकंदर, चौथी प्रसाद, लालू प्रसाद, राम जन्म, बबलू कुमार, दूधनाथ और मुनिम समेत अन्य मजदूर शामिल रहे।

