रन फॉर योग में उमड़ी लोगों की भीड़
बागेश्वर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 'रन फॉर योग' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। कार्यक्रम में छात्रों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
बागेश्वर, संवाददाता । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में आयोजित योग जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत शुक्रवार को सुबह छह बजे रन फॉर योग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ तहसील गेट पर जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का समापन इनडोर स्टेडियम में हुआ। जिलाधिकारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जो स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवनचर्या का अभिन्न अंग बनाकर अनेक जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से आगामी 21 जून, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन को सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं भव्य स्वरूप प्रदान करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, जिससे योग का संदेश जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुँच सके।
कार्यक्रम में भागीदारी
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, डीएलएड. प्रशिक्षुओं, आयुर्वेद, शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने योग, स्वास्थ्य एवं फिट जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को दौड़ में शामिल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, , जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी किरण नेगी , योग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. एंजल पटेल सहित आयुर्वेद, शिक्षा एवं क्रीड़ा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीप जोशी ने किया।


