रन फॉर योगा से होगा योग दिवस कार्यक्रमों का आगाज
रुद्रपुर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 'रन फॉर योगा' कार्यक्रम का आयोजन 19 जून को सुबह 6:30 बजे मनोज सरकार स्टेडियम में होगा। इसके अलावा, 21 जून को सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। अधिकारियों और आमजन से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई है।

रुद्रपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला आयुर्वेदिक व यूनानी अधिकारी डॉ. निवेदिता जोशी ने बताया कि योग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 19 जून को सुबह 6:30 बजे मनोज सरकार स्टेडियम में ‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सुबह 6 बजे मनोज सरकार स्टेडियम में सामूहिक योगाभ्यास व मुख्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आमजन प्रतिभाग करेंगे।
जिला आयुर्वेदिक व यूनानी अधिकारी ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रमों में सहभागिता कर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है।


