राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में एसबीएस कॉलेज प्रदेश में तीसरे स्थान पर
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला में राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता के राज्य स्तरीय परिणाम की घोषणा की गई। 76 महाविद्यालयों में डोईवाला ने प्रथम, उत्तरकाशी ने द्वितीय और रुद्रपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गणेश भट्ट को सर्वश्रेष्ठ युवा सांसद का खिताब मिला। प्राचार्य ने प्रतिभागियों को बधाई दी।
रुद्रपुर, संवाददाता। राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2025-26 के राज्य स्तरीय परिणाम की घोषणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला में आयोजित कार्यक्रम में की गई। प्रतियोगिता में प्रदेश के 119 राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालयों में से 76 महाविद्यालयों ने प्रतिभाग किया। इसमें राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला ने प्रथम, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय उत्तरकाशी ने द्वितीय और सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रुद्रपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पिछले वर्ष 2024-25 में एसबीएस कॉलेज रुद्रपुर को पांचवां स्थान मिला था। इस बार महाविद्यालय ने दो पायदान की छलांग लगाते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के गणेश भट्ट ने सर्वश्रेष्ठ युवा सांसद के रूप में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा के रोहित जोशी द्वितीय रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वीरेंद्र सिंह ने युवा संसद के सभी प्रतिभागियों और कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रदीप कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। प्राचार्य अवधेश नारायण सिंह, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. भरत सिंह, प्रो. सरजीत सिंह, प्रो. दीपा वर्मा समेत अन्य शिक्षकों ने टीम को शुभकामनाएं दीं।


