रुड़की में 10.73 ग्राम स्मैक के साथ युवक दबोचा
रुड़की में कोतवाली गंगनहर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत 35 वर्षीय युवक को 10.73 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी तसव्वर उर्फ काला को चेकिंग के दौरान पकड़ा गया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को 10.73 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पनियाला कट से पनियाला जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक शनिवार की रात को गंगनहर पुलिस पनियाला कट से पनियाला जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को देखकर एक युवक सकपका गया और मौके से भागने का प्रयास करने लगा।
पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10.73 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान तसव्वर उर्फ काला पुत्र असलम, निवासी पाडली गुर्जर, कोतवाली गंगनहर, हरिद्वार, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग और निगरानी लगातार जारी रहेगी। नशा खरीदने और बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


