45 दिन से ज्यादा समय से सीज वाहन नीलाम करने के निर्देश
देवीपाटन गोंडा के आरटीओ राजेश कुमार मौर्या ने लखीमपुर के एआरटीओ कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय के सभी पटलों का निरीक्षण किया, फाइलों के रखरखाव और सफाई की स्थिति का आकलन किया। 45 दिन से अधिक समय से निरुद्ध वाहनों की निलामी का निर्देश भी दिया गया।

शासन के निर्देश पर देवीपाटन गोंडा के आरटीओ राजेश कुमार मौर्या ने बुधवार को एआरटीओ कार्यालय लखीमपुर का निरीक्षण किया। आरटीओ ने यात्री मालकर अधिकारी, सम्भागीय निरीक्षक प्राविधिक कक्ष के साथ ही कार्यालय के सभी पटलों का निरीक्षण किया। अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित मिले। सारथी के कार्मिक भी उपस्थित मिले। आरटीओ ने फाइलों के रखरखाव, साफ-सफाई का निरीक्षण करते हुए पटल सहायकों से कामकाज के बारे में जानकारी ली। पेयजल उपलब्धता भी देखी। इसके साथ ही आरटीओ ने रिकार्ड रूम देखकर यहां फाइलों का रखरखाव देखा। कार्यालय परिसर में तमाम सीज वाहन दिखे। इस पर उन्होंने निर्देश दिया कि 45 दिन से अधिक समय से निरुद्ध वाहनों की तत्काल निलामी करायी जाए।
आरटीओ ने सीसी टीवी कैमरो की भी जांच की। इस दौरान कार्यालय आए लोगों से बातचीत करके कार्यालय के कामकाज के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह सनसाइन प्रत्यायन चालन केन्द्र (एडीटीसी) का भी निरीक्षण किया गया। एडीटीसी कार्यालय में आवेदको की उपस्थिति पंजिका देखी। आवेदकों की ओर से अपने समक्ष चालकों का परीक्षण लिया गया। कम्प्यूटर में अनुरक्षित पुरानी परीक्षण की वीडियो भी देखी। इस दौरान एआरटीओ शांतिभूषण पाण्डेय, प्रवर्तन अधिकारी डॉ. कौशलेन्द्र सहित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


