युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना संकल्प: नरेश
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत ऋषिकेश में युवा सम्मेलन की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिला प्रचारक नरेश कुमार ने युवाओं की शक्ति और समाज के प्रति जिम्मेदारियों पर जोर दिया। सम्मेलन युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण और स्वावलंबन में प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित होने वाले युवा सम्मेलन की तैयारियों को लेकर ऋषिकेश में कार्यकर्ताओं की शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। जिसमें युवाओं से संपर्क, प्रचार-प्रसार एवं विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिला प्रचारक नरेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष में समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है। भारत का युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है। युवाओं में ऊर्जा, सामर्थ्य, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का अपार भंडार है। आवश्यकता है कि इस युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा, स्वावलंबन और भारतीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में प्रेरित किया जाए।
उन्होंने कहा कि युवा केवल अपने व्यक्तिगत विकास तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को भी समझें। युवाओं में अनुशासन, चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक संवेदनशीलता का विकास हो, यही संघ के कार्य का प्रमुख उद्देश्य है। युवा सम्मेलन युवाओं को एक मंच पर जोड़ने और उन्हें राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी का बोध कराने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक युवाओं से संपर्क करे और उन्हें सम्मेलन से जोड़े।


