विभिन्न वर्गों से संवाद करेंगे संघ के सह सरकार्यवाह
वाराणसी में आरएसएस शताब्दी समारोह के तहत डॉ. कृष्ण गोपाल विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद करेंगे। यह आयोजन समरसता की भावना को बढ़ावा देने और पिछड़े समुदायों में सेवा कार्यों को विस्तारित करने की दिशा में उनके प्रयास का हिस्सा है। कार्यक्रम में डॉक्टर, शिक्षक, विद्यार्थी तथा उद्यमी शामिल होंगे।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) स्थापना के शताब्दी वर्ष समारोह में समाज के उन वर्गों तक विचारधारा लेकर जा रहा है जो उसकी गतिविधियों से नहीं जुड़े हुए हैं। इसी क्रम में रविवार को सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल अलग-अलग वर्ग के लोगों से संवाद करेंगे। चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल के सभागार में आयोजित जनसंवाद में डॉक्टर, शिक्षक, विद्यार्थी, अधिवक्ता, सीए, व्यापारी और उद्यमी शामिल होंगे। पहला अवसर है जबकि आरएसएस के अखिल भारतीय पदाधिकारी सार्वजनिक रूप से समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद करेंगे। यह आयोजन आरएसएस शताब्दी वर्ष समारोह में सामाजिक समरसता की संकल्पना के तहत आयोजित हो रहा है।डॉ.
कृष्ण गोपाल शनिवार को प्रयागराज से यहां पहुंचे। इससे पहले गुरुवार को वह लोहता स्थित माधव सेवा प्रकल्प के सभागार में सेवा भारती काशी प्रांत की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सेवा संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। सह सरकार्यवाह ने काशी प्रांत में समाज के पिछड़े और जरूरतमंद लोगों तक सेवा कार्य का विस्तार करने पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं में एनीमिया और बच्चों में कुपोषण की समस्या के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने की जरूरत बताई।


