RSS chief Mohan Bhagwat says Sangh supporting all reservations as per Constitution - India Hindi News आरक्षण का समर्थक है RSS, झूठे VIDEO फैलाते हैं लोग; चुनाव के बीच मोहन भागवत की दो टूक, India News in Hindi - Hindustan
Hindi NewsIndia NewsRSS chief Mohan Bhagwat says Sangh supporting all reservations as per Constitution - India Hindi News

आरक्षण का समर्थक है RSS, झूठे VIDEO फैलाते हैं लोग; चुनाव के बीच मोहन भागवत की दो टूक

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने पिछले साल नागपुर में कहा था कि जब तक समाज में भेदभाव है तब तक आरक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि भेदभाव समाज में व्याप्त है, भले ही यह दिखाई नहीं देता हो।

Niteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान, हैदराबादSun, 28 April 2024 01:48 PM
share Share
Follow Us on
आरक्षण का समर्थक है RSS, झूठे VIDEO फैलाते हैं लोग; चुनाव के बीच मोहन भागवत की दो टूक

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने लोकसभा चुनावों के बीच आरक्षण पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने रविवार को कहा कि संघ परिवार ने कुछ समूहों को आरक्षण देने का कभी विरोध नहीं किया है। हैदराबाद में एक शैक्षणिक संस्थान में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। भागवत ने कहा कि संघ का मानना है कि आरक्षण तब तक दिया जाना चाहिए जब तक कि इसकी जरूरत है। आरक्षण को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच छिड़े वाकयुद्ध के बाद भागवत ने यह टिप्पणी की है।

मोहन भागवत ने कहा कि आरक्षण और संघ को लेकर फेक वीडियो फैलाया जा रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि इस बारे में हम बाहर नहीं बोल सकते हैं। यह सब पूरी तरह से झूठ है। आरएसएस प्रमुख भागवत ने पिछले साल नागपुर में कहा था कि जब तक समाज में भेदभाव है तब तक आरक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि भेदभाव समाज में व्याप्त है, भले ही यह दिखाई नहीं देता हो।

आरक्षण छीन लेना चाहती है भाजपा: राहुल गांधी
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के कई नेताओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबियों के बयानों से स्पष्ट है कि उनका मकसद संविधान बदलना है। ऐसा करके वे देश का लोकतंत्र तबाह करना और दलितों, पिछड़ों व आदिवासियों का आरक्षण छीन कर उनकी भागीदारी खत्म करना चाहते हैं। राहुल ने कहा कि संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए कांग्रेस चट्टान की तरह भाजपा की राह में खड़ी है। उनका कहना है कि जब तक कांग्रेस है- वंचितों से उनका आरक्षण दुनिया की कोई ताकत नहीं छीन सकती। कांग्रेस और उसके शीर्ष नेता इस लोकसभा चुनाव में लगातार यह आरोप लगा रहे हैं कि भाजपा संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने के प्रयास में है। दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने हाल में कई चुनावी जनसभाओं में आरोप लगाए कि कांग्रेस एससी, एसटी व ओबीसी के आरक्षण को मुस्लिम समुदाय को देना चाहती है।

संविधान और आरक्षण खत्म करना चाहती है बीजेपी: संजय सिंह 
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा संविधान और आरक्षण खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा, 'अगर भाजपा जीतेगी तो देश में तानाशाही होगी। मैं कहना चाहूंगा कि सूरत तो सिर्फ एक उदाहरण है, पूरा देश दांव पर है।' उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बाबा साहेब के संविधान और वोट की ताकत को खत्म करना चाहती है। वह दलितों, पिछड़े समुदायों और शोषित वर्गों के आरक्षण के अधिकार को भी खत्म करना चाहती है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।