स्वयं सेवकों ने रक्षासूत्र बंधवाकर समाज में एकजुटता का लिया संकल्प
काशीपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने रविवार को रक्षाबंधन उत्सव मनाया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों और क्षेत्रवासियों ने एक-दूसरे को रक्षासूत्र बांधकर सामाजिक समरसता और भाईचारे का संकल्प लिया। मुख्य वक्ता प्रेम सिंह ने कहा कि यह त्योहार आपसी प्रेम और विश्वास को मजबूत करता है।

काशीपुर। शिवालिक बस्ती स्थित माधव शाखा में रविवार सुबह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने छह प्रमुख उत्सवों में शामिल रक्षाबंधन त्योहार मनाया। इस दौरान स्वयंसेवकों, बहनों और क्षेत्रवासियों ने सामाजिक समरसता एवं एकता के भाव से एक-दूसरे को रक्षासूत्र बांधकर एकजुट रहने का संकल्प लिया। बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता जिला सह प्रचार प्रमुख प्रेम सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल रक्त संबंधों तक सीमित त्योहार नहीं है, बल्कि यह समाज में आपसी प्रेम, विश्वास और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि संघ के स्वयंसेवक हिंदू समाज को एकजुट करने और राष्ट्र को परम वैभव की ओर ले जाने के लिए कार्य कर रहे हैं।
ऐसे में सभी को सामाजिक समरसता और बंधुत्व की भावना के साथ अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का भली-भांति निर्वहन करते हुए राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सह प्रांत संपर्क प्रमुख डॉ. अक्षय चौहान ने की। इस दौरान नगर कार्यवाह आदर्श चौधरी, नगर खंड प्रचारक अभिषेक, सह कार्यवाह सुरेंद्र कोठारी, महेश चंद्र शर्मा, के. गुप्ता, राजेंद्र रावत, गोविंद सिंह नेगी, पीयूष अग्रवाल, अर्पित चौहान, मनोज सती, अश्वनी वर्मा, कमला रेखाड़ी, पुष्पा रौतेला, नीलम कोठारी, गीता कश्यप, नीता पोखरिया, चित्रा बिष्ट आदि मौजूद रहे।


