आरआरबी एएलपी सीबीटी-टू में 4453 चयनित
हिन्दुस्तान, प्रयागराज
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने सहायक लोको पायलट भर्ती-2025 के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा का परिणाम जारी किया। 4453 अभ्यर्थियों को तीसरे चरण की परीक्षा के लिए चयनित किया गया है, जबकि श्रेणीवार कटऑफ भी घोषित किया गया है। अगली परीक्षा 30 अक्तूबर को होगी। कुल 10,970 पद रिक्त हैं।

रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने सहायक लोको पायलट (एएलपी) भर्ती-2025 के दूसरे चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी-टू) का परिणाम जारी कर दिया है। इसमें 4453 अभ्यर्थियों को तीसरे चरण की कंप्यूटर आधारित योग्यता परीक्षा (सीबीएटी) के लिए अनंतिम रूप से चयनित किया गया है। इनकी अगली परीक्षा 30 अक्तूबर को होगी। आरआरबी ने परिणाम के साथ श्रेणीवार कटऑफ भी जारी किया है। अनारक्षित वर्ग का कटऑफ 62.92, ओबीसी का 58.50, ईडब्ल्यूएस का 41.83, एससी का 38.43 और एसटी का 35.71 रहा। पूर्व सैनिकों का कटऑफ 44.21 है। भर्ती में कुल 10,970 पद हैं। प्रयागराज आरआरबी के तहत उत्तर मध्य रेलवे में 508 और उत्तर रेलवे में 80 पद हैं।
पूर्व सैनिकों के लिए 59 पद अलग आरक्षित हैं। इस तरह प्रयागराज बोर्ड के अंतर्गत कुल 647 पद हैं।

