स्टेशन पर अतिरिक्त जवानों की मांग
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती की मांग की है। सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाने के लिए स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी को सख्त किया जाएगा।

गाजियाबाद, अमन वत्स। आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की मांग मुख्यालय से की है। अतिरिक्त स्टाफ मिलने के बाद स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रवेश और निकास द्वारों के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाएगी। आरपीएफ इंस्पेक्टर अब्दुल लतीफ ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाली ट्रेनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सफर करते हैं। इस दौरान अन्य यात्री भी ट्रेन से जाने के लिए स्टेशन पर आते हैं।
ऐसे में स्टेशन पर भीड़ की संभावना को देखते हुए आरपीएफ सतर्कता बरतेगा। मुख्यालय से 10 अतिरिक्त जवानों की मांग की गई है। अतिरिक्त जवानों की तैनाती से स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी। प्लेटफॉर्म पर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखने के साथ ही संदिग्ध सामान मिलने पर तत्काल जांच की जाएगी।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


