सोशल मीडिया के रचनात्मक उपयोग से विद्यालयों को बनाएं सक्षम एवं प्रभावी : अनिल
सीवान में एक कार्यशाला में लोक शिक्षा समिति के विभाग निरीक्षक अनिल कुमार राम ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत विद्यालयों को सक्षम और सजग बनाने में सोशल मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसके सकारात्मक उपयोग पर जोर दिया ताकि विद्यालय की उपलब्धियों को बेहतर तरीके से समाज तक पहुंचाया जा सके।

सीवान, एक संवाददाता। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और बदलती सामाजिक एवं शैक्षिक परिस्थितियों के अनुरूप विद्यालयों को सक्षम, सजग और प्रभावी बनाने में सोशल मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके रचनात्मक उपयोग से विद्यालयों की गतिविधियों, उपलब्धियों और शैक्षिक प्रयासों को समाज तक बेहतर तरीके से पहुंचाया जा सकता है। ये बातें लोक शिक्षा समिति के विभाग निरीक्षक अनिल कुमार राम ने शुक्रवार देर शाम विद्या भारती विभाग स्तरीय सोशल मीडिया कार्यशाला में कहीं उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया संचार का प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में इसके सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
महावीरी सरस्वती शिशु मंदिर परिसर स्थित कृष्णचंद्र गांधी मीडिया संस्थान में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन प्रचार-प्रसार विभाग के प्रांत सह संयोजक अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। कार्यशाला में नवीन सिंह परमार, रवि कुमार श्रीवास्तव और भास्कर रंजन ने सोशल मीडिया के विभिन्न आयामों और तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी। कार्यशाला में पहुंचे प्रतिभागियों का स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश नारायण सिंह ने किया। मौके पर सचिन कुमार पर्वत, श्रीकांत भारती, धनंजय कुमार गुप्त सहित छपरा, सिवान और गोपालगंज जिले के विभिन्न विद्या भारती विद्यालयों के सोशल मीडिया प्रमुख उपस्थित रहे।


