केनरा बैंक डकैती में तीन की पहचान, दो बिहार और एक बंगाल का
गोलमुरी केनरा बैंक में 24 सितंबर को हुई डकैती में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान की है। आरोपियों में अमन सिंह, प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार और अक्षय कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इनकी तस्वीरें जारी करते हुए सूचना देने की अपील की है, और अपराधियों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है।

गोलमुरी केनरा बैंक में 24 सितंबर को हुई डकैती में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान कर ली है। पुलिस की ओर से जारी तस्वीरों में तीन आरोपियों के नाम और पता सामने आए हैं। इनमें पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी अमन सिंह (पिता देबानंद सिंह), समस्तीपुर के अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता निवासी प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार (पिता अरुण कुमार राय) और अक्षय कुमार उर्फ साका (पिता संजय यादव) गोसाईं गांव शामिल हैं। पुलिस ने तीनों की तस्वीर जारी कर सूचना देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के बाद डकैती में शामिल पांच अपराधियों की पहचान पर काम किया गया है।
इससे पहले पुलिस ने पांच संदिग्धों की तस्वीर जारी कर प्रत्येक के बारे में सूचना देने पर दो-दो लाख इनाम की घोषणा की थी। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है। गोलमुरी बैंक में पांच हथियारबंद अपराधियों ने बैंककर्मियों और सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर करीब 23 किलो सोना और 43 लाख नकद लूटे थे। अपराधी बारिश के दौरान रेनकोट पहनकर बैंक पहुंचे थे और घटना के बाद अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए थे। पुलिस ने घटना के बाद 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस की टीमें झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी छापेमारी कर रही हैं। चतरा से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास जारी है।


