बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर डकैती करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल
कोंच के ग्राम सिमिरिया में बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर डकैती का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया है। मुठभेड़ में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे नगदी, जेवर और असलहे बरामद हुए। घटना में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश जारी है।
कोंच। संवाददाता कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिमिरिया में बीती शुक्रवार रात को बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर डकैती की घटना का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। रविवार देर रात पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी है। पकड़े गए बदमाशों से नगदी, जेवर के साथ असलहे व घटना में प्रयुक्त ई रिक्शा बरामद हुआ है।
घटना का विवरण
शुक्रवार रात को ग्राम सिमिरिया निवासी रघुवीर अहिरवार के घर में घुसकर अज्ञात बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बुजुर्ग दंपति को बंधक बना लिया और घर में रखे संदूक से चांदी के सिक्के, चांदी के जेवरात व नगदी लूट कर फरार हो गए थे। पीड़ित ने 5 सितंबर को कोतवाली कोंच में तहरीर दी, जिस पर धारा 309(4) बीएनएस के तहत तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। क्षेत्राधिकारी कोंच के नेतृत्व में 3 टीमों का गठन किया गया। कोतवाली कोंच व स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। जिसके चलते रविवार देर रात को अंडा बिरगुआ गांव रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में अभियुक्त रवि अहिरवार पुत्र गोविंददास, निवासी मोहल्ला गांधीनगर कस्बा कोंच पैर में गोली लगने से घायल हुआ जबकि दो बदमाशों जमील अहमद पुत्र रफीक अहमद, निवासी काशीराम कॉलोनी कस्बा कोंच और प्रमोद उर्फ चीकू पुत्र स्व. माताप्रसाद, निवासी ग्राम सिमिरिया, कोतवाली कोंच ने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने घायल रवि अहिरवार को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने ही ग्राम सिमिरिया में एक मकान में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के व 35 हजार रुपये की डकैती की थी।
बदमाशों से बरामदगी
कोंच। बदमाशों के पास से पुलिस ने कब्जे से एक अवैध असलहा, एक खोखा कारतूस नाल में फंसा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, पीली व सफेद धातु के जेवरात व चांदी के सिक्के लगभग 650 ग्राम, 35,000 रुपये नगद व घटना में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा बरामद किया है।
इनसेट
बोले एएसपी
कोंच। अपर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईशान सोनी ने बताया कि अभियुक्त जमील अहमद पर कोतवाली जालौन में 380/411 व गैंगस्टर एक्ट के 2 मुकदमे तथा प्रमोद उर्फ चीकू पर जीआरपी महोबा में 380/411 का मुकदमा पहले से दर्ज है। इसके अलावा घटना में शामिल रहे दो अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।


