रोडवेज बस में परिवार को बेहोश कर 12 लाख के जेवरात चोरी
रोडवेज बस में मनीषा यादव और उनके परिवार को बेहोश करके करीब 12 लाख रुपये के जेवरात चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बस चालक, परिचालक और अन्य पांच लोगों ने परिवार के सदस्यों को बेहोश किया। शिकायत के लगभग एक महीने बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।

रोडवेज बस में सवार महिला और उसके परिवार को बेहोश कर करीब 12 लाख रुपये के जेवरात चोरी का मामला सामने आया है। महिला ने चोरी की वारदात में बस चालक, परिचालक और पांच अज्ञात की संलिप्तता का आरोप लगाया है। पुलिस आयुक्त से शिकायत पर करीब एक माह बाद जार्जटाउन पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। प्रतापगढ़ के मानिकपुर क्षेत्र के सुजौली भागी का बाग निवासी मनीषा यादव ने एफआईआर में बताया कि 26 अगस्त की सुबह वह परिवार के साथ सामान और सूटकेस लेकर केपी ग्राउंड बस स्टॉप पहुंचीं। कुंडा जाने के लिए रोडवेज बस में सवार हुईं। सूटकेस में करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात थे।
आरोप है बस परिचालक नीरज श्रीवास्तव, चालक और पांच अज्ञात लोगों ने सूटकेस पीछे रखने को कहा। इसके बाद परिवार के सदस्यों को कोई पदार्थ सुंघा दिया और सभी बेहोश हो गए। कुंडा पहुंचने पर परिचालक ने जगाकर बस से उतरने को कहा। बस से नीचे उतरने के बाद सूटकेस देखा तो ताला टूटा था और जेवरात गायब थे। परिचालक ने पूछने पर बताया कि पांच लोग कुंडा का टिकट लेकर बस में बैठे थे, लेकिन मेयोहाल चौराहे पर उतर गए थे। आरोप है कि एक महीने तक शिकायत दर्ज कराने को प्रयागराज और प्रतापगढ़ थाने का चक्कर लगाती रहीं। इसके बाद पुलिस आयुक्त के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई।


