सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था प्रभावी बनाने पर जोर
पडरौना, निज संवाददाता। डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सोमवार की देर शाम कलक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई।

पडरौना, निज संवाददाता।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सोमवार की देर शाम कलक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट में सुधार, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क सुरक्षा के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
सड़क सुरक्षा की आवश्यकता
ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने बताया कि जिले के कुछ स्थानों पर सड़क सुरक्षा की दृष्टि से स्पीड ब्रेकर की आवश्यकता है। ऐसे स्थानों की सूची भी तैयार की गई है। इस पर डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मार्गों की स्थिति और आवश्यकता के अनुसार निर्धारित स्पीड लिमिट की सूचना पुलिस विभाग को उपलब्ध कराई जाए ताकि गति सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई प्रभावी और त्वरित ढंग से की जा सके। डीएम ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर और एआरटीओ को जिले के सभी ब्लैक स्पॉट का संयुक्त रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां सड़क सुरक्षा की दृष्टि से सुधारात्मक कार्य जरूरी हों, वहां उनका चिह्नांकन कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही की गई कार्रवाई और प्रस्तावित सुधार कार्यों की प्रगति से अगली बैठक में अवगत कराया जाए।
आवश्यक निर्देश
एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर को सड़क दुर्घटनाओं की दैनिक प्रगति और कार्रवाई की निगरानी के लिए निर्धारित प्रोफार्मा एवं गूगल शीट तैयार कर सभी थानों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इससे दुर्घटनाओं और सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्रवाई की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने विशेष रूप से ऐसे स्थानों का निरीक्षण करने को कहा, जहां सड़क किनारे खड़े ट्रकों अथवा अन्य भारी वाहनों से टकराने के कारण दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसे मामलों में दुर्घटना के वास्तविक कारणों का स्थलीय निरीक्षण कर संयुक्त टीम से जांच कराने और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित सीसीटीवी और संबंधित टीम के व्हाट्सएप ग्रुप में एनएचएआई के अधिकारियों को भी जोड़ने के निर्देश दिए गए ताकि राष्ट्रीय राजमार्गों पर होने वाली दुर्घटनाओं की सूचना और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जा सके। चिकित्सा विभाग के अधिकारी को प्रत्येक माह आई कैंप आयोजित कराने का निर्देश दिया गया। इसमें वाहन चालकों के दृष्टि परीक्षण के साथ आवश्यक स्वास्थ्य जांच भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
निर्माण कार्य और सुरक्षा मानक
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने एनएचएआई के अधिकारियों को पटहेरवा क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क संबंधी कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा निर्माण के दौरान सड़क सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और चिह्नित कमियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। कहा कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है। दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी प्रवर्तन के साथ आवश्यक सड़क सुधार और जन-जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है। इस दौरान एडीएम वैभव मिश्र, एएसपी सिद्धार्थ वर्मा, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मुकेश वर्मा, वरिष्ठ सहायक अमन सिन्हा, ट्रैफिक इंस्पेक्टर अश्विनी राय, एआरटीओ दिलीप कुमार, एनएचएआई के साइट इंजीनियर, एनएच पीडब्ल्यूडी गोरखपुर के अवधेश गुप्ता, शिक्षा विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


