सीईसी और ईसी को मिली छूट को चुनौती
राजद सांसद मनोज कुमार झा ने सुप्रीम कोर्ट में 2023 के निर्वाचन आयुक्त कानून की धारा 16 को चुनौती दी है। उनका कहना है कि यह प्रावधान मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्तों को आधिकारिक कर्तव्यों के दौरान किए गए कार्यों के लिए दीवानी और आपराधिक कार्यवाही से आजीवन छूट देता है। झा ने इसे असंवैधानिक और संविधान के साथ धोखा बताया।

राजद सांसद मनोज कुमार झा ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर ‘मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्तों (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023 की धारा 16 की संवैधानिक वैधता को चुनौती दी है। उन्होंने इसे संविधान के साथ एक ‘धोखा’ करार दिया है। राजद सांसद ने कहा कि कानून की धारा 16 देश की किसी भी अदालत को ऐसे किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई दीवानी (सिविल) या आपराधिक कार्यवाही शुरू करने या जारी रखने से रोकती है, जो मुख्य निर्वाचन आयुक्त या निर्वाचन आयुक्त है या रह चुका है, बशर्ते वह काम उसने अपने आधिकारिक कर्तव्यों का पालन करते हुए किया हो।
राजद नेता ने कहा कि धारा 16 बिना चुने गए अधिकारियों को एक ऐसा सुरक्षा कवच (इम्युनिटी) देती है, जो राष्ट्रपति, राज्यपाल, सांसद, विधायक, या सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के जजों को भी नहीं मिलता, क्योंकि यह सुरक्षा जीवन भर के लिए है।

