15 हजार की आबादी वाले अहिरौलीदान का भूगोल बदलती रही गंडक
कुशीनगर के अहिरौलीदान में नदी कटान की समस्या बढ़ रही है। 2012 के बाद से कई टोल और बस्तियां नदी में विलीन हो गईं हैं। बरसात के बाद अब नदी की धारा गांव की ओर खिसक रही है, जिससे 9500 लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति चिंताजनक है।

कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। कभी 22 टोलों में फैला और करीब 15 हजार की आबादी वाला अहिरौलीदान अब गंडक की बदलती धारा के निशान समेटे हुए है। डेढ़ दशक में नदी ने गांव का भूगोल कई बार बदला। जहां कभी खेत और बस्तियां थीं, वहां अब नदी बह रही है। साल 2012 के बाद नदी की धारा गांव की ओर खिसकती गई और देखते ही देखते कई टोले उसके कटान की भेंट चढ़ गए। अब पानी घटने के बाद खैरखुटा में बैक रोलिंग ने फिर खतरे की घंटी बजा दी है और कटान आबादी के करीब पहुंच गया है।
कटान का हाल
ग्रामीणों का कहना है कि 2012 की भीषण बाढ़ में बैरिया, कंचन और चित्तू टोले का अस्तित्व नदी में विलीन हो गया। इसी दौर में डीह, कचहरी, खैरखुटा और नोनियापट्टी टोले भी कटान की चपेट में आए। साल 2012 से 2017 के बीच बैरिया, खलवा, भिंडा, और कचहरी टोला समेत कई बस्तियां कटान से प्रभावित हुईं। करीब 3500 की आबादी के नदी में समा जाने का दावा ग्रामीण करते हैं। कटान के कारण अनेक परिवारों को अपने घर और जमीन छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। साल 2017-18 के दौरान कचहरी टोला में बड़ी संख्या में मकान कटान की जद में आए। इसके बाद नदी का दबाव नोनियापट्टी, खैरखुटा और मदरही की ओर बढ़ता गया। वर्ष 2020 में डीह टोला और कंचन टोला का बड़ा हिस्सा कटान की चपेट में आने और ग्रामीणों के पलायन की स्थिति सामने आई। इसके बाद भी नदी किनारे बसे इन टोलों को लगातार संवेदनशील माना जाता रहा। अब इस साल में जवही बांध कट जाने के बाद चारों तरफ पानी भरने के कारण अहिरौली दान के करीब 9500 की आबादी के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। पानी घटने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन नदी का खतरा टला नहीं।
बैक रोलिंग का खतरा
अब जलस्तर कम होने के बाद नदी की धारा ने फिर करवट ली है। खैरखुटा टोले के सामने नदी की बैक रोलिंग से कटान अचानक तेज हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि एक दिन में लगभग 500 मीटर क्षेत्र में कटान की स्थिति बनी है और पांच मकानों पर तत्काल खतरा मंडराने लगा है। नदी का रुख आबादी की ओर देख ग्रामीणों में फिर दहशत है। बाढ़ खंड की टीम मौके पर बोल्डर, जियोबैग और अन्य बचाव सामग्री के सहारे कटान रोकने में जुटी है। विभागीय स्तर पर नदी की धारा को नियंत्रित कर तट की सुरक्षा की कोशिश की जा रही है.

