सुपौल : नेपाल में हो रही बारिश से लगातार घट-बढ़ रहा कोसी का जलस्तर
वीरपुर, नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में वर्षा की तीव्रता कम होने के बावजूद शुक्रवार को कोसी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग ने स्थिति को नियंत्रित रखा है तथा बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका नहीं है। सभी सुरक्षात्मक संरचनाएं सुरक्षित हैं।

वीरपुर, एक संवाददाता। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में वर्षा की तीव्रता कम होने के बावजूद शुक्रवार को कोसी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जलप्रवाह में वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि कोसी के पूर्वी और पश्चिमी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा कहीं भी बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका नहीं है।
जलस्तर में वृद्धि
कोसी बराज नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह आठ बजे कोसी बराज पर नदी का डिस्चार्ज 1,06435 क्यूसेक घटते क्रम में में दर्ज किया गया, जबकि बराह क्षेत्र में जलप्रवाह स्थिर क्रम में 68,000 क्यूसेक था। इसके बाद जलस्तर में क्रमिक बढ़ोतरी दर्ज की गई। दोपहर 12 बजे बराज पर डिस्चार्ज बढ़कर 1,04,830 क्यूसेक घटते क्रम में तथा बराह क्षेत्र में बढ़ते क्रम में 70,400 क्यूसेक हो गया। वहीं शाम 4 बजे बराज पर डिस्चार्ज बढ़कर 1,06,970 क्यूसेक बढ़ते क्रम में पहुंच गया, जबकि बराह क्षेत्र में जलप्रवाह स्थिर क्रम में 74,000 क्यूसेक दर्ज किया गया।
बाढ़ नियंत्रण विभाग की स्थिति
बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर में हल्की वृद्धि के बावजूद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। विभाग ने बताया कि कोसी-मेची लिंक नहर परियोजना के निर्माण कार्य के चलते पूर्वी कोशी मुख्य नहर में फिलहाल सिंचाई के लिए पानी का प्रवाह अस्थायी रूप से बंद रखा गया है। बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी तटबंधों पर बने सभी स्टड, स्पर एवं अन्य सुरक्षात्मक संरचनाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा अभियंताओं की टीमें 24 घंटे तटबंधों की मॉनिटरिंग कर रही हैं।
मुख्य अभियंता की जानकारी
इधर, मुख्य अभियंता (बाढ़ नियंत्रण एवं जल निसरण) वीरपुर ई संजीव शैलेश ने बताया कि वर्तमान में कोसी नदी सामान्य स्थिति में बह रही है। शुक्रवार को जलप्रवाह में हल्की वृद्धि दर्ज की गई है, लेकिन बाढ़ का कोई खतरा नहीं है। विभाग नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों की वर्षा और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी संभावित परिस्थिति से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।


