बक्शी बांध स्लूज गेट बंद, फ्लोटिंग रेस्तरां पर लटका ताला
प्रयागराज में गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार वृद्धि से चिंता बढ़ गई है। बक्शी बांध का स्लूज गेट बंद कर दिया गया है और प्रभावित क्षेत्रों से पानी की निकासी पंपों द्वारा की जाएगी। संगम क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने से पर्यटन प्रभावित हुआ है और स्थानीय मंदिरों के पास पानी पहुंचने का खतरा बढ़ गया है।

प्रयागराज। गंगा और यमुना के लगातार बढ़ते जलस्तर ने चिंता बढ़ा दी है। दोनों में बढ़ते पानी को देखते हुए बक्शी बांध का स्लूज गेट बंद कर दिया गया है। इसके बाद अब प्रभावित और निचले इलाकों से पानी की निकासी पंप के जरिए की जाएगी। जलस्तर बढ़ने के साथ ही गंगा का पानी सलोरी एसटीपी के करीब पहुंच गया है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। यमुना के उफान का असर संगम क्षेत्र के पर्यटन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। पानी बढ़ने के चलते यमुना में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट को बंद कर दिया गया है।
संगम में गंगा का पानी बड़े हनुमानजी मंदिर से महज डेढ़ मीटर दूर रह गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में भी पानी पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। घाटों के आसपास आने-जाने वाले लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। गंगा का बढ़ता पानी कछारी इलाकों में रहने वाले परिवारों को डरा रहा है। बढ़ता पानी अब आबादी के नजदीक पहुंचने लगा है। कछार की ओर जाने वाले रास्तों और घाटों के आसपास भी पानी का दबाव बढ़ता जा रहा है।


