46.3 सेंमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ने लगी यमुना
फतेहपुर में यमुना का जलस्तर गुरुवार से बढ़ने लगा है, 48 घंटे में 2.25 मीटर बढ़ चुका है। गंगा का जलस्तर भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। पश्चिमी प्रदेशों में बारिश के कारण दोनों नदियों में उछाल देखने को मिल रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोग फिर से बाढ़ की आशंकाओं से चिंतित हैं।

फतेहपुर। गुरुवार से यमुना के जलस्तर में उछाल आना शुरू हो गया है। जिसके चलते महज 48 घंटे में यमुना का जलस्तर 46.3 सेंमी प्रति घंटे की रफ्तार से 2.25 मीटर बढ़ चुका है। वहीं गंगा नदी का जलस्तर भी करीब दो सेंमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ने लगा है। बीते दिनों से यमुना व गंगा के जलस्तर में ठहराव था लेकिन पश्चिमी प्रदेशों में होने वाली बारिश के चलते इन नदियों का जलस्तर भी बढ़ना शुरू हो चुका है। जिससे दोनो नदियां उछाल पर आने लगी हैं, नदियों का जलस्तर बढ़ता देखकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में निवास करने वाले ग्रामीण एक बार फिर से बाढ़ की आशंकाओं से घिरने लगे हैं।
बताते हैं कि बुधवार की शाम जहां यमुना का जलस्तर 83.73 मीटर पर था वह गुरुवार की शाम बढ़कर 84.27 मीटर पर पहुंच गया। जो शुक्रवार की सुबह 85.41 तथा शाम को 85.98 मीटर पर पहुंच गया जो बुधवार शाम की अपेक्षा 2.25 मीटर अधिक है। इसी प्रकार गंगा का जलस्तर शुक्रवार को सुबह 96.48 था जिसमें 15 सेंमी का उछाल आने के कारण यह शाम को बढ़कर 96.63 मीटर पर पहुंच गया।


