Bulandsehar News: गंगा का जलस्तर बढ़ा, खादर क्षेत्र में घुसा बाढ़ का पानी
Bulandsehar News: गंगा का जलस्तर बढ़ा, खादर क्षेत्र में घुसा बाढ़ का पानी

Bulandsehar News: पहाड़ी भागों में हो रही वर्षा के चलते गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। विगत 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में दो फिट जल बढ़ने से खादर क्षेत्र में खड़ी फसलों में बाढ़ का पानी घुस रहा है। धीरे धीरे स्नान घाटों की सीढ़ियां भी जलमग्न हो रही है।
बाढ़ का प्रभाव
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही मानसूनी वर्षा का प्रभाव गंगा में देखने को मिल रहा है। बिजनौर बैराज से प्रतिदिन छोड़े जा रहे जल की मात्रा को बढ़ाने से गंगा में बाढ़ जैसी स्थिति बनती जा रही है। अनुमान के मुताबिक विगत 24 घंटे में गंगा की धारा में दो फिट जल की बढ़ोतरी होने से बाढ़ का पानी जाह्नवी द्वार से मात्र 1 फिट बह रहा है जो कि जो क्षेत्र के लिए बाढ़ का संकेत है। जल स्तर बढ़ने से खादर क्षेत्र के आहार, मारगपुर, मुबारकपुर, सिरोरा, तोरई, बच्ची खेड़ा आदि गंगा तटीय क्षेत्र की हजारों बीघा भूमि में खड़ी गन्ना, ज्वार, बजरा हजारों बीघा फसलों में बाढ़ का पानी घुसने लगा है। जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
सतर्कता के निर्देश
कोट---
जलस्तर में लगातार वृद्धि की संभावना के चलते पुराने रिकार्ड के आधार पर इंतजाम किये जा रहे हैं। साथ ही गंगा किनारे बसे गांव के लेखपालों, नाविकों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। तहसील क्षेत्र के लगभग एक दर्जन गांव गंगा किनारे बसे होने के कारण बाढ़ से प्रभावित होते हैं।
-अरुण कुमार वर्मा, एसडीएम अनूपशहर


