गंगा खतरे के लाल निशान से 30 सेमी ऊपर, शाहपुर और बड़हरा में तेजी से फैल रहा बाढ़ का पानी
- कई संपर्क पथों पर पानी चढ़ जाने से आवागमन की बढ़ी परेशानी, पश्खु चारे के लिए बढ़ी चिंता

- कई संपर्क पथों पर पानी चढ़ जाने से आवागमन की बढ़ी परेशानी - भदई फसल के नुकसान का खतरा, पशु चारे के लिए बढ़ी चिंता आरा/बड़हरा/शाहपुर, हि.टी.। भोजपुर जिले के बड़हरा में गंगा नदी शनिवार की शाम छह बजे तक खतरे के लाल निशान 53.08 से 30 सेटीमीटर तक ऊपर बहने लगी। सुबह में जलस्तर 53.28 मीटर दर्ज किया गया, जबकि शाम में 53.38 पर पहुंच गया। वैसे शुक्रवार को ही गंगा खतरे के लाल निशान को पार कर गई थी। इस कारण जिले के बाढ़ प्रभावित शाहपुर और बड़हरा अंचल में तेजी से बाढ़ का पानी फैलने लगा है। कई संपर्क पथों पर पानी चढ़ गया है। इस कारण आम लोगों के समक्ष आवागमन की परेशानी हो गई है। वहीं खेतों में पानी पहुंचाने से भदई फसल के नुकसान का खतरा बढ़ गया है। पशुपालकों और किसानों को पशु चारे एवं फसल के नुकसान होने की चिंता सताने लगी है। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी है। ग्रामीणों में बाढ़ को लेकर भय और चिंता का माहौल है। बाढ़ का पानी नेकनाम टोला संपर्क पथ, सिरसिया गांव के संपर्क पथ तथा बखोरापुर-बड़का लौहर मार्ग तक पहुंच गया है। पानी की रफ्तार इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में अन्य ग्रामीण सड़कों पर भी आवागमन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इससे ग्रामीणों को बाजार, प्रखंड मुख्यालय और अन्य जरूरी स्थानों तक आने-जाने में परेशानी हो सकती है। - बाढ़ के पानी में मगरमच्छ दिखने से दहशत बड़हरा गांव के समीप बाढ़ के पानी में मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। किसानों के अनुसार मगरमच्छ पानी में किसी पक्षी अथवा मछली का शिकार करता दिखाई दिया। गांव के समीप मगरमच्छ देखे जाने की सूचना के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि गंगा के बढ़े जलस्तर के साथ मगरमच्छ नदी से निकलकर बाढ़ के पानी में पहुंचा होगा। ग्रामीणों ने लोगों से बाढ़ के पानी में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की है। खासकर बच्चों और पशुओं को बाढ़ प्रभावित जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की बात कही जा रही है। किसानों ने प्रशासन से भी ऐसे इलाकों में निगरानी बढ़ाने और मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। - इन गांवों के निचले इलाकों में पहुंचा बाढ़ का पानी बाढ़ का पानी नेकनाम टोला, रमई राय के टोला, बखोरापुर, बड़का लौहर, केशोपुर, पैगा, दुबे छपरा, ईटाहना, शालीग्राम सिंह के टोला, सिरसिया, एकवना, बड़हरा, कुतुबपुर डेरा, बबुरा, कारजा दुर्ग टोला, शिवपुर, फारहदा और लवकुशपुर समेत कई गांवों के निचले इलाकों में पहुंच गया है। पानी बढ़ने के साथ ही ग्रामीण सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की तैयारी में जुटने लगे हैं।
केशोपुर तटबंध के गैप पर प्रशासन की नजर, डीएम ने किया स्थल निरीक्षण
बड़हरा, संवाद सूत्र। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच केशोपुर तटबंध में बने गैप को लेकर जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। शनिवार को डीएम मनेश मीणा ने केशोपुर पहुंचकर तटबंध के गैप का स्थल निरीक्षण किया। डीएम ने तटबंध की स्थिति, गंगा के जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान डीएम ने अधिकारियों को तटबंध की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी तरह की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। - बालू भरे बैग समेत जरूरी सामग्री रखने का निर्देश डीएम ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, आरा के कार्यपालक अभियंता अभिषेक कुमार को निर्देश दिया कि केशोपुर तटबंध की वर्तमान स्थिति को देखते हुए बालू भरे बैग समेत अन्य आवश्यक सामग्रियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रशासन की ओर से तटबंध और आसपास के इलाकों की लगातार निगरानी का आदेश दिया गया। इस दौरान गैप के स्थायी समाधान पर जोर दिया। ग्रामीणों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता : डीएम निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थिति में आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभाग को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया। आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल कर तत्काल बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया जाएगा।
महुली घाट का निरीक्षण किया
डीएम की ओर से महुली घाट का भी स्थल निरीक्षण किया गया। घाट की वर्तमान स्थिति, जलस्तर में वृद्धि और आमजन की सुरक्षा को लेकर की गई व्यवस्था का जायजा लिया। पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें। - जवईनियां में चल रहे कटाव निरोधक कार्य का लिया जायजा शाहपुर। डीएम मनेश कुमार मीणा ने शाहपुर के जवईनियां में चल रहे कटाव निरोधक बोल्डर पीचिंग कार्य का जायजा लिया। इस दौरान बोल्डर पीचिंग कार्य में उत्तर प्रदेश के चक्की नौरंगा के तरफ से खाली गैपिंग कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के बाद बढ़ रहे खतरे की आशंका पर बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता की जमकर क्लास लगाई। कहा कि क्यों उतना दूर कार्य अधूरा छोड दिया गया है, जहां से पानी के दबाव के कारण खतरे की आशंका बढ़ गई है। इसे हर हालत में पूरा करने का निर्देश दिया है। - बांध पर रह रहे लोगों को देख डीएम रुके बाढ़-कटाव से विस्थापित दामोदरपुर बांध पर शरण लिए लोगों ने डीएम के काफिले के आगे आने का प्रयास किया। उन्हें पुलिसकर्मी बीच सड़क पर पहुंचने से रोक रहे थे, लेकिन महिलाओं को देख डीएम ने खुद अपनी गाड़ी रोकवाई और वे पीड़ितों से मिले। इस दौरान लोगों ने बताया कि पिछले एक साल से बांध पर रह रहे हैं पर सरकार की ओर से कोई व्यवस्था नहीं कराई गई। इस मामले को डीएम ने गंभीरता से लिया और हर हाल में पूरा कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने पांच लोगों को सोमवार को अपने कार्यालय में बुलाया और पूरी समस्या सुन दूर करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर डीसीएलआर जगदीशपुर, बीडीओ शत्रुंजय कुमार सिंह, सीओ आनंद प्रकाश,राजस्व अधिकारी रश्मि सागर, मुखिया दिव्या मिश्रा, जदयू महासचिव उज्जवल सिंह, मुखिया प्रतिनिधि दिनेश यादव, सहित कई प्रतिनिधि तथा गणमान्य लोग प्रमुख रूप से थे। - माधोपुर और जवईनियां दामोदरपुर के रास्ते बाधित शाहपुर। गंगा का जलस्तर बढ़ने से तराई क्षेत्र में पानी पसर रहा है। माधोपुर दामोदरपुर, जवईनियां के रास्ते पर पानी फैलने से आवागमन बाधित हो गया है। दियरा क्षेत्र के लक्षुटोला वरसिंहा, चारघाट, चनउर, दामोदरपुर, भुसहुला, गंगापुर, सईया डेरा, मरिचईया डेरा, माधोपुर, काशी डेरा कदमडेरा, तपसी डेरा, करीमन ठाकुर के डेरा, होरिलछपरा, बुझा राय का डेरा, सोनकी, पिपरा, देवमलपुर बहदुरी, दलन छपरा सहित कई गांव के आवागमन में कठिनाई होने लगी है। - बड़हरा विधायक ने बैठक कर तैयारी का जायजा लिया बड़हरा, संवाद सूत्र। बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रखंड कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। कहा कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने से पहले सभी जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आपदा की स्थिति में लोगों को तत्काल राहत पहुंचाई जा सके। बैठक में बीडीओ निलेश कुमार, सीओ अंशु प्रसून समेत स्वास्थ्य, पशुपालन, खाद्य आपूर्ति, बाढ़ नियंत्रण, पीएचईडी, बिजली और एसडीआरएफ सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम मनेष मीणा से फोन पर बात कर दूसरे जिलों से भी नाव उपलब्ध कराने को कहा। इस दौरान पशुपालन विभाग को पर्याप्त मात्रा में पशु चारा रखने को कहा। साथ ही प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य शिविर लगाने और जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा। एसडीआरएफ की टीम को भी मुस्तैद रहने को कहा।

