लखनऊ की निजी पैथोलॉजी में हरदोई के एक और मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि
हरदोई में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। लखनऊ की निजी पैथोलॉजी में एक और व्यक्ति में वायरस की पुष्टि हुई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हरदोई में अभी तक कोई मामला नहीं आया है। हाल ही में 18 लोग संक्रमित पाए गए हैं जो लखनऊ में रह रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग सतर्क है और लगातार नमूने ले रहा है।

हरदोई। स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है। हरदोई के एक और व्यक्ति में लखनऊ की निजी पैथोलॉजी में जांच के दौरान स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, हरदोई में अब तक एक भी मरीज में स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। लखनऊ में जांच के दौरान संक्रमित मिले हरदोई के 18 लोग फिलहाल जिले में नहीं रह रहे हैं। इनमें अधिकांश लखनऊ में नौकरी या अन्य काम के सिलसिले में रह रहे हैं। स्थानीय लोगों का जनपद स्तर पर हो रही जांच पर पूरी तरह भरोसा नहीं है। तभी बीमार पड़ने पर लखनऊ व बड़े शहरों की तरफ रुख कर रहे हैं।
सीएमओ डॉ. भवनाथ पांडे ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। जिले में आने वाले संदिग्ध मरीजों की लगातार निगरानी और सैंपलिंग हो रही है। अब तक करीब 120 संदिग्ध लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं। सभी नमूनों की जांच हरदोई मेडिकल कॉलेज की प्रयोगशाला में कराई जा रही है। अभी तक किसी भी नमूने में स्वाइन फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि लखनऊ में जांच के दौरान संक्रमित पाए गए 18 लोगों का संबंध मूल रूप से हरदोई से है, लेकिन वह वर्तमान में जिले में नहीं रह रहे हैं। कुल 27 टीमें स्वाइन फ्लू को लेकर निगरानी कर रही हैं।


