त्योहार पर महंगाई का डोज, मिठाई की कीमतें स्थिर
चीनी की बढ़ती कीमतों के चलते मिठाईयों की दाम बढ़ने लगे हैं। कुछ दुकानों पर दाम बढ़ा दिए गए हैं जबकि कुछ ने बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। रक्षाबंधन के लिए मिठाईयों का कारोबार 5 करोड़ से अधिक रहने की उम्मीद है, लेकिन महंगाई के कारण एडवांस बिक्री कमजोर पड़ गई है।

चीनी पर महंगाई की मार पड़ी तो मिठाईयों के दामों में बढ़ोत्तरी के हालात बनने लगे हैं। कुछ मिठाईयों की दुकानों पर दाम बढ़ा दिए गए हैं तो कुछ मिठाईयों की दुकानों पर दाम बढ़ाने की तैयारी चलने लगी है। एक महीने पहले तक चीनी 45 रुपये किलो थी जो अब बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो हो गई है। हलवाई और कर्मचारियों ने भी अपनी दैनिक मजदूरी बढ़ा दी है जिसके चलते मिठाई कारोबारियों के सामने बड़ी समस्या पैदा हो गई है। उनके पास मिठाई की दरों में बढ़ोत्तरी करने का विकल्प बचा है। त्यौहार के बाद शहर की बड़ी दुकानों पर मिठाईयों की दरों में बढ़ोत्तरी की तैयारी की जा रही है। रक्षाबंधन के मौके पर विभिन्न मिठाईयों के अलावा घेवर की बिक्री सर्वाधिक होती है। कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों में 350 रुपये से 400 रुपये प्रति किलो घेवर बिक रहा है। वहीं शहर की बड़ी दुकानों पर घेवर की कीमतें 700 रुपये प्रति किलो के आसपास है। सादा घेवर, मलाई वाले घेवर की कीमतें अलग-अलग हैं। मैनपुरी की प्रसिद्ध सोनपापड़ी की कीमत अभी स्थिर है और 680 रुपये प्रति किलो बिक रही है। पिछले रक्षाबंधन पर भी घेवर और सोनपापड़ी की यही कीमत थी। हालांकि छोटे दुकानदारों ने 10 से 20 फीसदी दरें बढ़ा दी हैं। 500 रुपये प्रति किलो डिब्बे की मिठाई अभी भी इसी रेट में उपलब्ध है। रक्षाबंधन के मौके पर डिब्बे में मिक्स मिठाई का चलन अधिक रहता है। सड़क के किनारे भी मिठाईयों की दुकानें सजाई जाती हैं.
एडवांस बिक्री भी कमजोर पड़ी
शहर के नारायण मिष्ठान भंडार के संचालक रज्जन गुप्ता का कहना है कि महंगाई का असर आने लगा है लेकिन फिलहाल दरें स्थिर हैं। चीनी के दाम बढ़ने से कारोबार में घाटा हो रहा है। दरें बढ़ाने का ही विकल्प शेष बचा है। मिठाई की दरें बढ़ी हैं तो एडवांस बिक्री भी कमजोर पड़ी है। सेवईयों की कीमत भी अभी स्थिर है। ड्राईफ्रूट की कीमतों में भी त्योहार के मौके पर इजाफा हो गया है.
पांच करोड़ से अधिक का मिठाई कारोबार
मैनपुरी में खोवा की बनी मिठाई में पेड़े सर्वाधिक पसंद किए जाते हैं। इसकी अधिक बिक्री भी होती है। रसमलाई में केसरयुक्त रसमलाई अधिक प्रसिद्ध है। कारोबारियों का कहना है कि महंगाई जरूर बढ़ गई है लेकिन दरें अभी नहीं बढ़ने से मिठाई के कारोबार पर बहुत अधिक असर नहीं पड़ेगा। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी रक्षाबंधन के त्योहार पर पांच करोड़ से अधिक का मिठाई कारोबार होगा.


