महंगाई के दबाव से ब्याज दरों में बढ़ोतरी के आसार
रिपोर्ट नई दिल्ली, एजेंसी। सितंबर में खुदरा महंगाई बढ़कर करीब 5.65 प्रतिशत पहुंच सकती

नई दिल्ली, एजेंसी। सितंबर में खुदरा महंगाई बढ़कर करीब 5.65 प्रतिशत पहुंच सकती है। अक्टूबर और नवंबर में यह 6.5 प्रतिशत के पार जा सकती है। एसबीआई रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में यह अनुमान जताया है। एसबीआई रिसर्च ने शुक्रवार को जारी मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक से पहले की रिपोर्ट में रेपो दर बढ़ने की संभावना भी जताई है। रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) 5-7 अक्टूबर की बैठक में रेपो दर में कम से कम 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस समय परिस्थितियां 0.25 प्रतिशत की दर बढ़ोतरी के पक्ष में हैं। महंगाई का दबाव बढ़ना, वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों में कमजोरी और रुपये पर दबाव इसके प्रमुख कारण हैं।
महंगाई का दबाव बढ़ा
एसबीआई रिसर्च के मुताबिक, अगस्त की मौद्रिक नीति बैठक के बाद महंगाई का दबाव बढ़ा है। खुदरा महंगाई जुलाई के 4.45 प्रतिशत से बढ़कर अगस्त में 4.82 प्रतिशत हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, महंगाई का दबाव अब ज्यादा वस्तुओं में दिखाई दे रहा है। जनवरी में सीपीआई महंगाई में भारित योगदान का 90 प्रतिशत हिस्सा 22 वस्तुओं से आया था। अगस्त में ऐसी वस्तुओं की संख्या बढ़कर 51 हो गई। इससे महंगाई के दबाव के ज्यादा व्यापक होने का संकेत मिलता है।
रुपये में कमजोरी भी चिंता
एसबीआई रिसर्च ने रुपये में कमजोरी को भी प्रमुख जोखिम बताया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मजबूत अमेरिकी डॉलर से रुपये पर दबाव है। तेल विपणन कंपनियों और कंपनियों की विदेशी मुद्रा की मांग भी बढ़ी है। इसके अलावा विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की लगातार बिकवाली से भी रुपये पर दबाव बना हुआ है।
कमजोर मानसून से खाद्य महंगाई का खतरा
रिपोर्ट में कमजोर मानसून को भी महंगाई के लिए जोखिम बताया गया है। 2026 का दक्षिण-पश्चिम मानसून दीर्घकालिक औसत का 87 प्रतिशत रहा। देश के 43 प्रतिशत जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई। एसबीआई रिसर्च के अनुसार, अक्टूबर में सामान्य से कम बारिश और मजबूत अल नीनो की स्थिति रबी फसलों के लिए जोखिम पैदा कर सकती है। इससे आने वाले समय में खाद्य महंगाई पर दबाव बढ़ सकता है।
आरबीआई का रुख बदल सकता है
मौजूदा रेपो दर 5.25 प्रतिशत है। 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने पर यह 5.50 प्रतिशत हो जाएगी। इससे आरबीआई के पिछले रुख में बदलाव आएगा। 3-5 अगस्त की बैठक में एमपीसी ने सर्वसम्मति से रेपो दर 5.25 प्रतिशत पर बरकरार रखी थी। समिति ने तटस्थ रुख भी कायम रखा था। उस समय आरबीआई ने कहा था कि आगे की नीति कार्रवाई से पहले महंगाई की दिशा और उसके कारणों पर ज्यादा स्पष्टता जरूरी है।


