रक्षाबंधन पर महंगाई का असर, राखियां 50 फीसदी तक महंगी
हरिद्वार में रक्षाबंधन से पहले बाजार में राखियों की कीमतें पिछले साल की तुलना में 16 से 50 फीसदी तक बढ़ गई हैं। साधारण राखी 10 से 15 रुपये, रुद्राक्ष की 20 से 30 रुपये, लुंबा राकी 100 से 125 रुपये और अमेरिकन डायमंड राखी 250 से 300 रुपये में बिक रही है। महंगाई से लोग परेशान हैं।

हरिद्वार। रक्षाबंधन से पहले बाजार राखियों से सजने लगे हैं, लेकिन इस बार राखियों की बढ़ी कीमतों ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। अलग-अलग प्रकार की राखियों के दाम पिछले साल की तुलना में 16 से 50 फीसदी तक बढ़ गए हैं। 28 अगस्त को रक्षाबंधन मनाया जाएगा। बाजार में साधारण धागे की राखी 10 से बढ़कर 15 रुपये, रुद्राक्ष धागे की 20 से 30 रुपये, स्पोंज और मोती की 70 से 85 रुपये, लुंबा 100 से 125 रुपये और पैकिंग राखी 150 से 175 रुपये हो गई है। कुंदन राखी 220 से बढ़कर 275 रुपये और अमेरिकन डायमंड राखी 250 से 300 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, चांदी की राखी 800 से बढ़कर करीब 1000 रुपये में बिक रही है।
महंगाई का असर
गृहणी पूजा चौहान, अपर्णा चौहान, गौरी, विभा, सुमन और कौशलिया ने कहा कि महंगाई का असर त्योहारों पर भी पड़ रहा है और इस बार राखियों के लिए बजट से अधिक खर्च करना पड़ रहा है। उन्होंने महिलाओं से जुड़े सामान के दाम कम कर राहत देने की मांग की। फैशन ज्वैलरी कारोबारी जावेद खान ने बताया कि दिल्ली और सहारनपुर से थोक में राखियां इस बार बढ़े दामों पर मिल रही हैं, जिसका असर फुटकर बाजार पर पड़ा है। बंटी जनरल स्टोर के वंशज वर्मा ने बताया कि राखियों में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल महंगा होने से लागत बढ़ी है। राखी विक्रेता सोहेल मंसूरी ने भी बताया कि पीछे से ही राखियां महंगी मिलने के कारण फुटकर कीमतों में इजाफा हुआ है।
चांदी की राखी भी हुई महंगी
सत्यम ज्वैलर्स के अनुज गुप्ता ने बताया कि इस साल सोने और चांदी के दाम बढ़े हैं। इसके साथ ही राखी बनाने की लेबर भी महंगी हुई है। इससे चांदी की राखियों के दाम करीब 25 फीसदी तक बढ़े हैं। सोने की राखी भी ग्राहक पहले से ऑर्डर देकर तैयार करा सकते हैं।


