वाणिज्यिक गैस सिलेंडर और इलेक्ट्रॉनिक सामान महंगे होने से जेब पर फिर बढ़ा बोझ
- ढाबा-रेस्तरां संचालक परेशान, खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ाने से कारोबार घटने का डर- कई लोगों ने स्ट्रीट फूड के दाम बढ़ाए नई दिल्ली, हिंदुस्तान टीम। त्योहारी सीजन में जनता की जेब पर महंगाई का बोझ...

नई दिल्ली, हिंदुस्तान टीम।
त्योहारी सीजन में जनता की जेब पर महंगाई का बोझ बढ़ने लगा है। 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक गैस सिलेंडर के साथ-साथ 5 और 10 किलोग्राम वाले एफटीएल (फ्री ट्रेड एलपीजी) सिलेंडरों की कीमत भी बढ़ गई है। सबसे ज्यादा 62.50 रुपये की बढ़ोतरी 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक सिलेंडर में हुई है। गैस के दाम बढ़ने के कारण इसका असर ढाबा-रेस्तरां के खाने और स्ट्रीट फूड पर भी पड़ने लगा है। स्ट्रीट फूड बेचने वाले अधिकांश दुकानदारों ने खाद्य उत्पादों के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है। इसके अलावा टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के दाम भी 8 फीसदी तक बढ़ गए हैं। यानी इस दिवाली इन उत्पादों की खरीदारी करना भी जेब पर भारी पड़ेगा। दिल्ली के लोगों का कहना है कि दालों, चावल, चीनी, खाद्य तेल समेत रसोई के रोजमर्रा के उत्पादों के दाम पहले ही आसमान छू रहे हैं, अब बाहर के खाने और इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की महंगाई के कारण घर के बजट को संभालना और मुश्किल हो जाएगा।
बिक्री पर पड़ेगा बढ़ी हुई कीमतों का सीधा असर
स्थानः श्रीराम कॉलोनी
समयः शाम 5 बजे
त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले टीवी, वॉशिंग मशीन, एलईडी, फ्रिज और मोबाइल समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान के दाम में करीब दो से चार हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हो गई है। गीजर की कीमत में भी फिलहाल करीब 300 से 400 रुपये का अंतर आ चुका है। दुकानदारों का कहना है कि नवरात्र शुरू होने के साथ खरीदारी बढ़ती है, ऐसे में बढ़ी कीमतों का असर बाजार पर साफ दिखाई दे सकता है। अभी श्राद्ध चलने के कारण बाजार में ग्राहकों की संख्या कम है। उम्मीद थी कि नवरात्र शुरू होते ही त्योहारी खरीदारी रफ्तार पकड़ेगी, लेकिन बढ़ी कीमतें बिक्री पर असर डाल सकती हैं। दूसरी परेशानी पुराने स्टॉक की भी है। दुकानदारों ने बताया कि कि जो सामान पहले की कीमत पर खरीदा गया था, उसे पुरानी कीमत के आसपास ही बेचना पड़ रहा है, जबकि नए सामान की खरीद महंगी हो गई है। अवस्थी इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक नरेश अवस्थी ने बताया कि मोबाइल और टीवी की कीमतों में सबसे ज्यादा असर दिखाई दे रहा है। नया स्टॉक दुकानदारों को बढ़ी हुई कीमत पर ही मिलेगा और उसी हिसाब से ग्राहकों को बेचना पड़ेगा।
रेट बढ़ाए तो ग्राहक छूटने का डर
स्थानः प्रीत विहार
समयः शाम 4 बजे
वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी पर ढाबा व रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि खाने की थाली तैयार करने की लागत बढ़ रही है, लेकिन हर बार खाने के दाम बढ़ाना आसान नहीं है। थाली और व्यंजनों के दाम बार-बार बढ़ाने पर ग्राहक नाराज होते हैं और कारोबार प्रभावित होने का डर रहता है। प्रीत विहार स्थित ऋषभ ढाबा के संचालक ओमप्रकाश ने बताया कि पिछले महीनों में ईरान-अमेरिका के युद्ध के कारण गैस के दाम बढ़े थे। उस समय थाली की कीमत में 15 रुपये और अलग-अलग व्यंजनों के दाम में करीब 10 रुपये की बढ़ोतरी की थी। अब फिर सिलेंडर के दाम बढ़ने से खर्च बढ़ गया है। हर बार ग्राहकों पर इसका बोझ डालना संभव नहीं है। रसोई गैस के अलावा सब्जी, तेल, मसाले और अन्य सामान की कीमतों में भी महंगाई आई है। तरफ लागत बढ़ रही है तो दूसरी तरफ ग्राहक से ज्यादा कीमत मांगना चुनौती बन गया है। ओमप्रकाश ने कहा कि यदि दोबारा थाली के दाम बढ़ाए गए तो ग्राहक आसपास के सस्ते विकल्प तलाश सकते हैं। ऐसे में फिलहाल बढ़ी लागत को संभालना ही उनकी मजबूरी है।
खरीदारी जारी लेकिन बजट में काट-छांट
स्थान- गीता कॉलोनी
समय - 5:30 बजे
त्योहारों के इस सीजन में कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, घर का सामान और गिफ्ट आइटम खरीदने के लिए लोग बाजारों का रुख कर रहे हैं। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर के मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए इस बार त्योहारी खरीदारी सिर्फ पसंद और जरूरत का सवाल नहीं, बल्कि बजट को मैनेज करने की चुनौती भी है। परिवार खरीदारी तो कर रहे हैं, लेकिन गैर-जरूरी खर्चों को टालने और जरूरी सामान को प्राथमिकता देने की रणनीति अपना रहे हैं।
गीता कॉलोनी की मनदीप कौर बताती हैं कि त्योहार पर बच्चों के कपड़े, घर के जरूरी सामान और रिश्तेदारों के लिए उपहार तो खरीदने ही हैं, लेकिन हर चीज एक साथ खरीदना संभव नहीं है। मनदीप बताती हैं कि पहले त्योहारों के दौरान जो सामान पसंद आ जाता था, उसे खरीद लेते थे, लेकिन अब पहले घर का बजट देख रहे हैं। बच्चों और घर की जरूरत की चीजों पर खर्च होगा, लेकिन सजावट या दूसरी गैर-जरूरी चीजें कम कर दी हैं। अगर कोई खरीदारी एक-दो महीने टल सकती है तो उसे अभी नहीं खरीदेंगे। मयूर विहार में रहने वाले और निजी कंपनी में काम करने वाले शशांक द्विवेदी के लिए भी इस बार त्योहारी खरीदारी का तरीका बदला है। वह बताते हैं कि पिछले साल से गाड़ी लेने की सोच रहा हूँ। इस साल इलेक्ट्रिक कार खरीदने का प्लान है। लेकिन, दूसरे खर्चे भी इतने हैं कि कार की खरीदारी लगातार टलती जा रही है। हालांकि, कोशिश है कि सब सही तरीके से मैनेज हो जाए, लेकिन, खर्च और सैलरी का बैलेंस ये मानकर चलिए कि काफी बिगड़ा हुआ है।
सिलेंडर महंगा होने से प्रति प्लेट में पांच रुपये से 10 रुपये बढ़ाने की योजना
स्थान : आरके पुरम सेक्टर एक
समय : चार बजे
कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ने से इसका साफ असर होटल और ढाबों में खाना खाने वालों की जेब पर सीधा पड़ता दिख रहा है। ढाबा संचालकों ने प्रति प्लेट पांच रुपये से 10 रुपये बढ़ाने का फैसला लिया है। यह कीमत शुक्रवार से लागू करने की योजना है। ढाबा संचालक उपेंद्र यादव ने कहा कि रोजाना महंगाई बढ़ रही है, लेकिन हमारे ग्राहकों एक तय वर्ग से आते हैं। ऐसे में अचानक से कीमत बढ़ाना मतलब हमारे कारोबार पर असर पड़ना है। बाजार में पहले से प्रतिस्पर्धा अधिक है। जैसे सरकार सिलेंडर की कीमत बढ़ाती है वैसे ही लोगों की सैलरी में भी कुछ इजाफा करने की जरूरत है। त्योहार का समय है, ऐसे में इस बीच सिलेंडर की कीमत बढ़ाना मुश्किल में डाल सकता है।
इसी तरह चाइनीज फूड की दुकान चलाने वाले रोहित ने बताया कि अभी नई रेट सूची नहीं बनाई है। लेकिन, हर प्लेट में पांच से सात रुपये बढ़ाने की योजना है। उन्होंने कहा कि पैकिंग का सामान भी महंगा हो गया है।
ढाबा में रेट लिस्ट (फुल प्लेट)
मौजूदा बढ़ाने के बाद
रेगुलर थाली--------------70 रुपये---------75 रुपये
स्पेशल थाली-------------90 रुपये---------100 रुपये
डिलक्स थाली-----------120 रुपये--------130 रुपये
प्लेन रोटी--------------6 रुपये----------8 रुपये
बटर रोटी-------10 रुपये---------13 रुपये
-----
चाइनीज फूड
वेज चाऊमीन---------80 रुपये----------90 रुपये
समोसा-------------17 रुपये (प्रति)------19 रुपये(प्रति)
फ्रेच फ्राइज---------110 रुपये-----------120 रुपये
-------
महंगाई बढ़ने से पुराना सामान निकालना भी मुश्किल
स्थानः मोहन सिंह मार्केट
समयः 4:30 बजे
इलेक्ट्रॉनिक की शोरूम दुकान चलाने वाले मालिकों का कहना है कि महंगाई बढ़ने से पुराना सामान बेचना भी मुश्किल हो जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में कार्यरत कमल ने बताया कि अभी दुकान में पुराना सामान है। ऐसे में कीमत बढ़ने के बाद दुकान में नया सामान नहीं आया है, लेकिन, अब हर उत्पाद पर 500 रुपये से लेकर 2000 रुपये महंगा होने की जानकारी मिली है। अगर सामान महंगा खरीदा जाएगा तो महंगा ही बेचना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक असर गीजर, टीवी, वॉशिंग मशीन व अन्य उपकरणों में देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि एक नामचीन कंपनी की 14 किलो की वॉशिंग मशीन की कीमत अभी लगभग 23 से 24 हजार रुपये है। लेकिन, नए रेट में यह 25 से 26 हजार रुपये पहुंच सकती है। दुकानदार श्रीप्रकाश ने कहा कि ऑनलाइन कंपनियों ने वैसे ही हमारे कारोबार में काफी असर डाला है। ऐसे में कीमत बढ़ने से सीधा असर हमारी आमदनी में पड़ेगा।
विंडो शॉपिंग के लिए बाजार में पहुंच रहे ज्यादातर ग्राहक
सरोजिनी नगर, चांदनी चौक, लाजपत नगर समेत अन्य बाजारों में फिलहाल ग्राहकी बेहद कम है। सरोजिनी नगर के रेडीमेड गारमेंट कारोबारी अशोक रंधावा ने बताया कि बाजार में भीड़ तो रहती है, लेकिन खरीदारी बेहद कम है। इसकी एक वजह श्राद्ध पक्ष और दूसरी महंगाई है। खासतौर से महिलाएं कपड़ों के बढ़े दाम सुनकर खरीदारी टाल देती है या इतना मोलभाव करती हैं कि दुकानदार के लिए मुनाफा कमा पाना मुश्किल हो रहा है। एक साल पहले तक ऐसी स्थिति नहीं थी। वहीं लाजपत नगर के दुकानदार नितिन सिंघल ने बताया कि लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण ग्राहक शॉपिंग के बजट में कटौती कर रहे हैं। इसकी वजह से प्रतिदिन होने वाली बिक्री पर तकरीबन 40 फीसदी तक असर आ चुका है।
अभी खरीदारी, बाद में भुगतान स्कीम से ज्यादा हो रही शॉपिंग
बजट को मैनेज करने के लिए कुछ वर्षों में ईएमआई पर सामान खरीदने का ट्रेंड बढ़ा है। लाजपत नगर में इलेक्ट्रॉनिक शोरूम चलाने वाले श्रेयस गुप्ता का कहना है कि लोग बाय नाउ, पे-लेटर की स्कीम का लाभ ले रहे हैं। कई कंपनियों ने ऐसी स्कीम निकाली है जिससे सामान का भुगतान किस्तों में करने का विकल्प दिया गया है।अगर कोई व्यक्ति 50 हजार का फ्रिज खरीदना चाहता है तो हो सकता है कि वो एक साथ पूरा भुगतान करने में समर्थ न हो, लेकिन पांच हजार रुपये हर महीने चुका सकता है। इसके चलते ऐसी स्कीम को ग्राहक ज्यादा चुन रहे हैं। खरीदारी के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल भी बीते एक-डेढ़ साल में बढ़ा है।

