गंगा के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ प्रभावित गांवों में फिर दहशत
बहियार-चौर जलमग्न, कलाई व उरद की फसल डूबी, किसान परेशान कहलगांव, निज प्रतिनिधि। गंगा

कहलगांव, निज प्रतिनिधि। गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि से गंगा से जुड़ी कुआ, भयाना, गेरूआ और घोघा नदियां भी उफान पर हैं। बहियार और चौर फिर से जलमग्न हो गए हैं और बाढ़ प्रभावित गांवों की ओर पानी बढ़ रहा है। हालांकि, अभी गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश नहीं किया है। तौफिल-अंठावन पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय मंडल ने बताया कि बहियार के जलमग्न होने से करीब 500 एकड़ में बोई गई कलाई और उरद की फसल डूबकर बर्बाद हो गई है। दियारा क्षेत्र में बोई गई फसल भी पानी में डूब गई है। तौफिल-अंठावन-बीरबन्ना पथ पहले से ही जलमग्न होने के कारण आवागमन बंद है।
इससे किसान परेशान हैं। शनिवार की सुबह कहलगांव में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 69 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया और इसमें लगातार वृद्धि हो रही है। ग्रामीणों को आशंका है कि जलस्तर बढ़ने पर एक बार फिर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि जितिया पर्व के डलिया पूजन के बाद जलस्तर में कमी आने की परंपरागत उम्मीद है।

