गंगा ने पार की डेंजर लाइन, घर--द्वार से लेकर सड़क तक पानी ही पानी

हिन्दुस्तान, मुंगेर
Follow us on Google News
share

मुंगेर में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जो खतरे के निशान 39.33 मीटर से 10 सेंटीमीटर ऊपर पहुँच गया। बाढ़ ने कई गांवों को घेर लिया है, और संपर्क टूट गया है। प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है। बाढ़ प्रभावित लोग ऊंचे स्थानों की ओर जा रहे हैं और फसलों को नुकसान पहुँच रहा है।

गंगा ने पार की डेंजर लाइन, घर--द्वार से लेकर सड़क तक पानी ही पानी

मुंगेर, निज प्रतिनिधि। मुंगेर में गंगा नदी का जलस्तर शुक्रवार को तेजी से बढ़ा। सुबह छह बजे ही गंगा खतरे के निशान को पार कर गयी। दोपहर दो बजे तक जलस्तर 39.42 मीटर पहुंच गया, जो खतरे के निशान 39.33 मीटर से 10 सेंटीमीटर ऊपर है। जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि के बाद शहर से लेकर दियारा क्षेत्र तक बाढ़ का पानी तेजी से फैलने लगा है। कई गांव और और पानी में घिर गये हैं। सड़कें डूबने से कई पंचायतों का मुख्य मार्ग से संपर्क टूट गया है। शहर के निचले इलाके लालदरवाजा में रिहायाशी इलाके गीता बाबू रोड में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र से जारी रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को शाम 6 बजे 2 बजे जलस्तर 39.46 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 39.33 मीटर से 10 सेंटीमीटर ऊपर है। बरियारपुर में गंगा 37.93 मीटर और कल्याणपुर में 37.71 मीटर पर पहुंच गयी। दोनों जगह जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया। जलस्तर बढ़ने से गंगा किनारे बसे निचले इलाकों और दियारा क्षेत्रों में लोगों की चिंता बढ़ गयी है। प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है।

ऊंचे स्थानों पर जा रहे लोग

मध्य विद्यालय हेरु दियारा में घुसा पानी: बाढ़ का पानी अब शहर के मध्य विद्यालय हेरुदियारा परिसर में भी पूरी तरह फैल गया है। इससे विद्यालय में पठन-पाठन प्रभावित हो गया है। इससे पहले जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के 28 विद्यालयों में पठन-पाठन बंद कराया जा चुका है। शुक्रवार को गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि के बाद लोगों में दहशत बढ़ गयी। लोग घरों से सामान निकालकर ऊंचे स्थानों की ओर जाने लगे हैं। किसान मवेशियों को लेकर सुरक्षित जगह की तलाश में जुटे हैं। सीताचरण निवासी छतरी पहलवान एवं अन्य प्रभावित ग्रामीणों ने बताया कि, गुरुवार से ही पानी लगातार बढ़ रहा है। घर में पानी घुसने का डर बना हुआ है। मवेशियों को लेकर बबुआ घाट में शरण लिये हैं।

कष्टहरणी एवं चंडिका स्थान मंदिर जलमग्न

मुंगेर के कष्टहरणी घाट स्थित मंदिर पूरी तरह बाढ़ के पानी में डूब गया है। वहीं शक्तिपीठ चंडिका स्थान भी जलमग्न हो गया है। मंदिर परिसर में पानी फैलने के कारण पूजा-पाठ बंद हो गया है। श्रद्धालु बाहर से ही मां चंडिका की आरती कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तेजी से पानी बढ़ रहा है, उससे आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।

कुतलूपुर-जफरनगर में सबसे ज्यादा परेशानी

diyara क्षेत्र के कुतलूपुर, जफरनगर, टीकारामपुर, हरिणमार और झौवाबहियार में बाढ़ की स्थिति सबसे गंभीर बनी हुई है। कई जगह आवागमन के रास्ते पानी में डूब गये हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। प्रभावित ग्रामीणों ने बताया कि पानी बढ़ने के साथ घरों में रखा सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की चिंता बढ़ गयी है। सीताकुंड बिंद टोली के संजय सिंह ने कहा, सड़क पर पानी चढ़ जाने से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। नाव ही अब सहारा है। अगर पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो घर छोड़कर ऊंचे स्थान पर जाना पड़ेगा। बबुआ घाट पर मवेशियों के साथ शरण लिये अंजय राय ने कहा, सबसे बड़ी चिंता मवेशियों की है। चारा का संकट उत्पन्न हो गया है। जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ आश्रय स्थल बनाये गये हैं, लेकिन शुक्रवार तक वहां प्रभावित लोग नहीं पहुंचे थे। प्रशासन की नावों से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों के लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गयी है। डीएम निखिल धनराज ने कहा कि, बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए शनिवार सामुदायिक कीचन शुरू किया जाएगा।

---------------------

सुरक्षित स्थानों की ओर रुख करने लगे है प्रभावित परिवार

सठबिग्घी, लक्ष्मण टोला, मंझगांय, अग्रहण में किसानों की फसल डूबी

हवेली खड़गपुर, एक संवाददाता। गंगा के जलस्तर में वृद्धि के बाद प्रखंड के चार पंचायतों के दर्जन भर गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा। प्रखंड के तेलियाडीह, नाकी, बहिरा और अग्रहण पंचायत के प्रभावित गांव के प्रभावित परिवार अब धीरे धीरे जलस्तर बढ़ने के बाद सुरक्षित जगह की ओर आसरा लेने लगे है। वहीं जलस्तर में बढ़ोत्तरी से प्रभावित क्षेत्र के परिवार रतजगा कर रहे है। बाढ़ का पानी फैलने से किसानों की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। बहिरा, अग्रहण, नाकी व तेलियाडीह पंचायत के विभिन्न गांव और बहियार में लगा धान की फसल बाढ़ के पानी में डूब गए है। जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ गई है। मंझगांय के किसान रामगुलाम सिंह ने बताया कि मंझगांय के किसानों की धान की फसल डूबकर बर्बाद हो गया है। बाढ़ का पानी मंझगाय गांव की सड़को पर चढ़ने लगा है। ऐसे ही जलस्तर में वृद्धि होती रही तो गांव की सड़क तो डूबेंगे ही घरों में भी पानी प्रवेश कर जाएगा। हालांकि कई घरों में पानी प्रवेश कर गया है जिससे लोग परेशान है। लोग अपने मवेशियों को लेकर सूखे और सुरक्षित जगह की ओर जा रहे है। अग्रहण गांव के चंदन सिंह चौहान ने बताया कि अग्रहण गांव के किसानों की धान की फसल डूब गए है। धीरे धीरे जलस्तर जिस प्रकार बढ़ रहा है उससे गांव के कई घरों में पानी प्रवेश कर जाएगा। वहीं इसी पंचायत के सठबिग्घी, लक्ष्मण टोला के कई घरों में पानी प्रवेश कर गया है। जिसके बाद लोग अपने घर के सामानों को हटाना और उसे ऊंचे और सुरक्षित स्थानों की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। पंचायत की मुखिया गुड़िया देवी और प्रतिनिधि नेपाली मंडल जलस्तर बढ़ने के बाद गांव के प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दे रहे है।

गंगा के बढ़ते जलस्तर से तीन पंचायतों में बिगड़े हालात, पशुपालकों के सामने चारे का संकट

हेमजापुर, संवाद सूत्र। धरहरा प्रखंड क्षेत्र के उत्तरी तीन पंचायत बाहाचौकी, हेमजापुर एवं शिवकुंड में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। शुक्रवार को अंचलाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित और सूखे स्थानों पर जाने की अपील की।

हेमजापुर पंचायत की रामनगर लगमा, जबकि शिवकुंड पंचायत की निषाद टोला एवं दास टोला में बाढ़ का पानी पहुंच चुका है। वहीं बाहाचौकी पंचायत के दुर्गापर और सुंदरपुर गांव में भी पानी घुस गया है। गंगा के तटवर्ती इलाकों में जलस्तर बढ़ने के साथ पानी गांवों की ओर तेजी से फैल रहा है। इससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। बाढ़ का सबसे अधिक असर पशुपालकों पर देखने को मिल रहा है। खेत पूरी तरह जलमग्न होने के कारण हरे चारे की उपलब्धता लगभग समाप्त हो गई है। पशुपालकों को अपने मवेशियों के लिए चारा जुटाने में काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो आने वाले दिनों में पशुओं के चारे का संकट और गहरा सकता है।

फुलकिया गांव की सड़क पर चढ़ा पानी, दीवानी टोला जलमग्न

बरियारपुर,निजसंवाददाता। बरियारपुर में बाढ़ का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जलस्तर बढ़ने से फुलकिया दीवानी टोला के ग्रामीण सड़क पर भी पानी आ गया है। पानी आने के कारण ग्रामीणों को पानी में घुस कर जाना पड़ता हैं। वही प्रखंड के पैरुमंडल टोला, कल्याणटोला रहिया आदि गांव भी बाढ़ से घिर गया है। एकाशी , कचहरी टोला, कल्याणटोला, सीतारामपुर नजीरा , आदि गांव में भी गंगा का पानी घुस गया है। मुरला मुसहरी गांव भी जलमग्न है। इस गांव के बाढ़ पीड़ितों को ग्रामीण सड़क के किनारे ही प्लास्टिक का तंबू बनाकर रहना पड़ रहा है। मुरला मुशहरी गांव के बाढ़ पीड़ित रीता देवी, राधिया देवी , मुरल सदा आदि ने बताया कि बाढ़ के करीब दस दिनों से परेशान हैं। अबतक कोई सुविधा नहीं मिल पाया है। इधर कृष्णानगर के बाढ़ पीड़ितों ने कहा कि गांव पूरी तरह जलमग्न है। एनएच 333 के किनारे रहना पड़ रहा है। एकाशी गांव के बाढ़ पीड़ितों को गांव के पुल पर मवेशी को रखना पड़ रहा है। गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण निचले भाग का पूरा बहियार जलमग्न है।

चौर बैहियार में फैला बाढ़ का पानी, धान की फसल डूबी

असरगंज, निज संवाददाता। गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि से असरगंज प्रखंड के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी तेजी से फैलने लगा है। चौरगांव, अमैया एवं ढोल पहाड़ी गांव के चौर बैहियारों में गंगा का पानी प्रवेश कर गया है। पानी धीरे-धीरे गांवों के समीप पहुंच रहा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। लगातार पानी फैलने से खेतों में लगी धान की फसल दूसरी बार पूरी तरह जलमग्न हो गई है। फसल के लंबे समय तक पानी में डूबे रहने से बर्बाद होने की आशंका से किसान परेशान हैं। किसान अवधेश मंडल, मनोज मंडल, राजीव मंडल एवं अशोक मंडल ने बताया कि खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से धान की फसल नष्ट हो जाएगी। बाढ़ का पानी उत्तरवारी टोला चौरगांव, ढोलपहाड़ी एवं अमैया के जवाहर नगर में गांव के चारों ओर फैल गया है। गांवों में बाढ़ का पानी पहुंचने से मवेशियों के लिए हरे चारे का संकट उत्पन्न हो गया है। इधर, कृषि विभाग के समन्वयक मुरारी कुमार एवं किसान सलाहकार पंकज कुमार ने ढोलपहाड़ी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर फसल क्षति की जानकारी ली।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

✦क्या बाढ़ के कारण विद्यालयों में पठन-पाठन बंद हो गया है?−
जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के 28 विद्यालयों में पठन-पाठन बंद कराया जा चुका है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsगंगा ने पार की डेंजर लाइन, घर--द्वार से लेकर सड़क तक पानी ही पानी