झोलाछाप के इलाज से बुखार पीड़ित वृद्धा की मौत
कानपुर देहात में बुखार, उल्टी, पेटदर्द और त्वचा रोग का प्रकोप बढ़ रहा है। एक महिला की झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराने के बाद स्थिति बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मलेरिया और डेंगू मामलों की संख्या भी बढ़ी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कानपुर देहात। जिले में बेकाबू हो रहे बुखार के साथ उल्टी, पेटदर्द व त्वचा रोग का प्रकोप बढ़ रहा है। बीमारी का प्रकोप देख झोलाछापों ने सक्रियता बढ़ा दी है। सिकंदरा थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव के मजरा डडी डेरा की बुखार पीड़ित एक और महिला की झोलाछाप के इलाज से हालत बिगड़ गई। अकबरपुर लाते समय उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जिले में बीमारी का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। जानलेवा बने बुखार के साथ डेंगू व मलेरिया भी पांव पसार रहा है।
जांच की रफ्तार धीमी होने के बाद भी जहां अब तक मलेरिया के 56 मरीज मिल चुके हैं। वहीं डेंगू पीड़ितों की संख्या भी माह भर में 9 पहुंच गई है। सिकंदरा थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव के मजरा डड़ी डेरा की रहने वाली 65 साल की चमेली देवी कई दिन से बुखार व पेट दर्द से पीड़ित थीं। परिजन गांव में ही उनका इलाज करा रहे थे। गुरुवार शाम को तेज बुखार होने पर परिजनों ने एक झोलाछाप से इलाज कराया। उनके पुत्र कमलेश का आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के बाद मां की हालत सुधरने के बजाय नाजुक हो गई। इस पर वह अपने भाइयों रमेश, अखिलेश व विमलेश के साथ उन्हें अकबरपुर के एक निजी अस्पताल में लाए। यहां मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उनको मृत घोषित कर दिया। शव वापस गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। डायल-112 पर दी गई सूचना पर सिकंदरा थाने से एसआई राजेश कुमार ने गांव पहुंचकर छानबीन की। इसक बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने बताया कि प्राथमिक छानबीन में परिजनों ने गलत उपचार से महिला की मौत होने की बात कही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।


