इंजन ऑयल के बढ़े दामों से वाहन स्वामियों बजट हो रहा प्रभावित
ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष के कारण इंजन ऑयल की कीमतों में वृद्धि हो रही है, जिससे बाइक और कार मालिकों पर बोझ बढ़ रहा है। सिराथू तहसील में, पिछले दो महीनों में इंजन ऑयल के दाम 10 से 30 रुपये तक बढ़ गए हैं। ग्राहक अधिक भुगतान कर रहे हैं और सरकार से राहत की मांग कर रहे हैं।

ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष का असर विभिन्न कारोबारों के साथ पेट्रोलियम उत्पादों पर भी देखने को मिल रहा है। पिछले दो-तीन माह में बाइक, कार और लोडर वाहन समेत अन्य वाहनों में इस्तेमाल होने वाले इंजन ऑयल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इससे वाहन स्वामियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने लगा है। सिराथू तहसील क्षेत्र के सैकड़ों मोटर बाइक रिपेयरिंग सेंटर, शोरूम विक्रेताओं और मैकेनिकों के अनुसार बीते दो माह में विभिन्न कंपनियों के इंजन ऑयल के दाम में करीब 10 से 30 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। वहीं कुछ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के 300 से 400 रुपये में मिलने वाले इंजन ऑयल के दाम भी करीब 50 रुपये तक बढ़ गए हैं।
मैकेनिकों का कहना है कि कीमत बढ़ने से सर्विस कराने वाले ग्राहकों को पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना पड़ रहा है। बाइक, कार, पिकअप समेत अन्य वाहनों का इस्तेमाल करने वाले मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के लोगों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि पहले से महंगाई के बीच वाहन के रखरखाव का खर्च बढ़ना परेशानी बढ़ा रहा है। वाहन स्वामियों ने सरकार से पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

