बार-बार हाथ धोने, घर से न निकलने से घट रही बच्चों की प्रतिरोधकता

हिन्दुस्तान, कानपुर
Follow us on Google News
share

बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए साफ-सफाई जरुरी है, लेकिन जरूरत से ज्यादा स्वच्छता और स्क्रीन टाइम में बढ़ोतरी उनकी प्रतिरोधक क्षमता को नुकसान पहुँचा रही है। वरिष्ठ विशेषज्ञों ने कहा कि बच्चों का सामान्य वातावरण से संपर्क कम हो रहा है, जिससे उनकी प्रतिरोधक क्षमता पर असर पड़ रहा है।

बार-बार हाथ धोने, घर से न निकलने से घट रही बच्चों की प्रतिरोधकता

आशीष दीक्षित कानपुर। बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए साफ-सफाई जरूरी है, लेकिन जरूरत से ज्यादा स्वच्छता, घंटों मोबाइल-टीवी देखना और खेलकूद से दूरी उनकी प्रतिरोधक क्षमता के विकास पर असर डाल रही है। कानपुर में यूपीएओआईसीओएन में जुटे देश के वरिष्ठ विशेषज्ञों ने बच्चों की बदलती जीवनशैली को लेकर यह चिंता जताई। विशेषज्ञों के मुताबिक घर से कम निकलने और सामान्य वातावरण से दूरी के कारण बच्चों का विभिन्न सूक्ष्मजीवों से स्वाभाविक संपर्क घट रहा है। वहीं, स्क्रीन टाइम बढ़ने से शारीरिक गतिविधि, खेल और नींद का समय कम हो रहा है। इसके साथ जंक फूड का बढ़ता चलन भी बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के लिए चुनौती बन रहा है।

बच्चों में स्वास्थ्य समस्याएं

मुंबई के वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. असीम देसाई ने बताया कि बच्चों में सर्दी-खांसी और जुकाम बार-बार होने की शिकायत बढ़ रही है। इसके पीछे केवल संक्रमण ही नहीं, बल्कि दिनचर्या में आए बदलाव को भी समझना जरूरी है। लगातार स्क्रीन देखने से बच्चे लंबे समय तक बैठे रहते हैं। इससे खेलकूद और शारीरिक सक्रियता कम होती है। पर्याप्त शारीरिक गतिविधि शरीर के सामान्य स्वास्थ्य और प्रतिरक्षा तंत्र के बेहतर कामकाज के लिए अहम है। वह कहते हैं कि अगर बच्चे को बार-बार संक्रमण या सर्दी-खांसी जुकाम होता है तो दवा बार-बार खिलाने से अच्छा है, उसकी प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाई जाए।

हर कीटाणु से बचाना उचित नहीं

डॉ. देसाई के अनुसार बच्चों को हर समय कीटाणुओं से बचाकर रखना भी उचित नहीं है। सामान्य वातावरण में मौजूद सूक्ष्मजीवों के संपर्क में आने से प्रतिरक्षा तंत्र को बाहरी तत्वों को पहचानने और उनके प्रति प्रतिक्रिया विकसित करने का अवसर मिलता है। इसे लेकर अत्यधिक स्वच्छता और प्रतिरक्षा विकास के बीच संबंध पर लंबे समय से वैज्ञानिक चर्चा होती रही है। हालांकि इसका मतलब स्वच्छता छोड़ना नहीं है। खाना खाने से पहले, शौचालय के बाद और गंदगी के संपर्क में आने पर हाथ धोना संक्रमण से बचाव का जरूरी उपाय है। उनके मुताबिक बीते पांच साल में बच्चों में प्रतिरोधक क्षमता कम होने से जुड़े मामलों में करीब 40 फीसदी इजाफा देखा गया है।

स्क्रीन ने छीना मैदान का समय

यूपीएओआईसीओएन अध्यक्ष डॉ. हरेंद्र कुमार के अनुसार, मोबाइल और टीवी के बढ़ते इस्तेमाल ने बच्चों की दिनचर्या में खेल का समय घटा दिया है। पहले बच्चे घंटों मैदान में खेलते थे, अब वही समय स्क्रीन पर बीत रहा है। शारीरिक गतिविधि घटने से फिटनेस प्रभावित होती है और देर रात तक स्क्रीन देखने पर नींद भी प्रभावित होती है। उन्होंने जंक फूड के अत्यधिक सेवन को भी चिंता का विषय बताया। पोषक तत्वों की कमी वाला असंतुलित भोजन शरीर को संक्रमण से लड़ने के लिए जरूरी पोषण नहीं दे पाता।

विशेषज्ञों के सुझाव

इन पर विशेषज्ञों का जोर :

मोबाइल, टीवी और गेम के बजाय रोजाना आउटडोर खेल का समय बढ़ाएं

दाल, सब्जियां, फल, दूध-दही, साबुत अनाज और मेवे भोजन में शामिल करें

जरूरी समय पर हाथ धोएं, बच्चों को सामान्य वातावरण से पूरी तरह दूर न रखें

बार-बार सर्दी-खांसी या जुकाम होने पर दवा खिलाने से अच्छा प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाएं

सामान्य प्रश्न

✦बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता क्यों कम हो रही है?−
विशेषज्ञों के मुताबिक, बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता कम होने के मामलों में पिछले पांच साल में करीब 40 फीसदी इजाफा देखा गया है। इसके पीछे स्क्रीन टाइम, जंक फूड का बढ़ता चलन और सामान्य वातावरण से संपर्क में कमी है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsबार-बार हाथ धोने, घर से न निकलने से घट रही बच्चों की प्रतिरोधकता