जिला अस्पताल में बढ़े वायरल बुखार के मरीज, ओपीडी में लंबी कतारें
शामली में वायरल बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन 200 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे ओपीडी में भीड़ बढ़ गई है। चिकित्सकों ने साफ-सफाई और सतर्कता बरतने की सलाह दी है। गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है।

शामली। जिले में वायरल बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुखार, कमजोरी और शरीर में दर्द समेत वायरल संक्रमण से संबंधित शिकायतों के साथ बड़ी संख्या में मरीज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते अस्पताल की ओपीडी में भीड़ बढ़ गई है। फिजिशियन डॉ. सचिन मलिक और डॉ. समद अली के कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। पिछले कुछ दिनों से वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
गंभीर स्थिति वाले मरीजों को चिकित्सकों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पताल प्रशासन पर भी उपचार व्यवस्था बनाए रखने का दबाव बढ़ गया है। फिजिशियन डॉ. सचिन मलिक ने बताया कि इन दिनों वायरल बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। प्रतिदिन 200 से अधिक वायरल बुखार से पीड़ित मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही खून की कमी एनिमियान से संबंधित मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। वायरल बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए चिकित्सकों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बरतने और बुखार अथवा अन्य लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है।


