शराब तस्करी: हरियाणा व चंडीगढ़ की शराब तस्करों को फिर भाने लगी
देवरिया में शराब तस्करी एक बार फिर बढ़ गई है। तस्कर अब हरियाणा और चंडीगढ़ की शराब बिहार भेज रहे हैं क्योंकि इनकी कीमत कम है। पिछले 15 दिनों में कई बड़ी खेपें पकड़ी गईं हैं और कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

देवरिया, निज संवाददाता। एक बार फिर शराब तस्कर सक्रिय हो गए हैं। अब यूपी की बजाय यह हरियाणा व चंडीगढ़ निर्मित शराब की खेप बिहार भेज रहे हैं। हरियाणा व चंडीगढ़ निर्मित शराब की कीमत कम होने के चलते तस्करों को यह शराब भाने लगी है। 15 दिनों में हरियाणा व चंडीगढ़ निर्मित शराब की चार बड़ी खेप सदर कोतवाली पुलिस व बनकटा थाने की पुलिस ने पकड़ा है। कई लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है। हालांकि सरगना तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पाए हैं। बिहार की शराब की तस्करी पहले यूपी समेत अन्य जगहों पर होती रही।
क्योंकि बिहार निर्मित शराब की कीमत कम थी। लेकिन 2016 अप्रैल में बिहार शराब ने शराब बनाने व बेचने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी। इसके बाद शराब तस्कर सक्रिय हो गए और यूपी के रास्ते में बिहार में शराब की बड़ी खेप पहुंचाने लगे। पहले हरियाणा निर्मित शराब की बड़ी खेप तस्कर पहुंचाते रहे, बीच में पुलिस की सख्ती दिखी तो तस्करों ने अपना पैंतरा बदल दिया और यूपी निर्मित शराब की खरीदारी कर बिहार में भेजने लगे। शराब तस्कर पहले बार्डर इलाके में शराब की खेप को स्टोर करते हैं, इसके बाद छोटे-छोटे वाहनों से उसे बिहार में भेजते हैं। एक बार फिर शराब तस्कर हरियाणा व चंडीगढ़ निर्मित शराब की खेप मंगाने लगे हैं। सूत्रों का कहना है कि दोनों जगहों की शराब पर टैक्स कम है और यूपी की शराब टैक्स ज्यादा है, जिसके चलते तस्करों की पसंद हरियाणा व चंडीगढ़ निर्मित शराब है। जानकारों का कहना है कि तस्कर फैक्ट्री में ही अपनी सेटिंग कर लेते हैं और आसानी से शराब उन्हें मिल जाती है। इसके बाद वह फल, किताब-कापी के अंदर शराब को रखकर बिहार भेज देते हैं। 8 सितंबर को सदर कोतवाली पुलिस व बनकटा थाने की पुलिस ने दो बड़ी खेप हरियाणा व चंडीगढ़ निर्मित शराब की पकड़ी। चार दिन पहले भी सदर कोतवाली पुलिस ने शराब की बड़ी खेप पकड़ी और कईयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह तो एक बानगी मात्र है। इन दिनों शराब तस्कर सक्रिय हो गए हैं। एएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। लगातार वाहनों की जांच हो रही है और कार्रवाई की जा रही है।

